Google Analytics —— Meta Pixel

Kirandul landslide : किरंदुल रेल लाइन पर लैंडस्लाइड से यातायात बाधित, 6 ट्रेनें प्रभावित, राहत कार्य जारी

Kirandul landslide : छत्तीसगढ़ के किरंदुल-कोत्तावालसा रेल मार्ग पर 1 जुलाई को भारी बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया, जिससे ट्रैक पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद ट्रैक अब तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है। रेलवे के 300 से अधिक कर्मचारी लगातार मलबा हटाने के काम में लगे हैं, लेकिन मार्ग की बहाली में अभी 12 से 24 घंटे और लग सकते हैं।

लैंडस्लाइड कोरापुट-किरंदुल सेक्शन के मल्लिगुड़ा और जड़ती स्टेशनों के बीच हुआ। जैसे ही रेलवे को जानकारी मिली, अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए और तत्काल मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया।

इस लैंडस्लाइड का सीधा असर किरंदुल और जगदलपुर से चलने वाली कुल 6 ट्रेनों पर पड़ा। इनमें से 2 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है और 4 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। (Kirandul landslide)

प्रभावित ट्रेनें:

  • रद्द: राउरकेला-जगदलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, जगदलपुर-भुवनेश्वर हिराखंड एक्सप्रेस

शॉर्ट टर्मिनेटेड:

  • विशाखापट्टनम-किरंदुल (सिर्फ अरकू तक चलेगी)
  • किरंदुल-विशाखापट्टनम नाइट एक्सप्रेस (सिर्फ कोरापुट तक)
  • हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस (कोरापुट तक)
  • पुरी-जगदलपुर रथ यात्रा स्पेशल (कोरापुट तक)

लगातार हो रही बारिश से मलबा हटाने के काम में बाधा आ रही है। बस्तर क्षेत्र और आसपास के राज्यों—ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली यह लाइन पहले भी लैंडस्लाइड के कारण बाधित हो चुकी है। ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। (Kirandul landslide)

जब तक मार्ग पूरी तरह से साफ नहीं हो जाता, तब तक यात्रियों के लिए सड़क मार्ग ही एकमात्र विकल्प है। हालांकि निजी वाहन चालक इस स्थिति का फायदा उठाकर अधिक किराया वसूल रहे हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ रही है। (Kirandul landslide)

Back to top button
error: Content is protected !!