India-US trade deal : भारत ने अमेरिकी कृषि उत्पादों को बाजार देने से किया इनकार, व्यापार डील में ऊर्जा और रक्षा पर बनी सहमति

India-US trade deal : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सभी देशों के साथ ट्रेड डील की डेडलाइन के रूप में 9 जुलाई तय की है। इसी बीच भारत और अमेरिका के बीच एक ‘मिनी ट्रेड डील’ होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के बीच कई बिंदुओं पर सहमति बन गई है और डील की औपचारिक घोषणा अगले कुछ दिनों में हो सकती है।
इस डील को ‘मिनी’ इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि दोनों देश सितंबर-अक्टूबर में संभावित 43 लाख करोड़ रुपये के द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement – BTA) पर प्रमुख ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
हालांकि, भारत ने अमेरिका को कृषि क्षेत्र में प्रवेश देने से इनकार कर दिया है। अमेरिका लंबे समय से जेनेटिकली मॉडिफाइड फसलों को भारत में बाजार देने की मांग करता रहा है, लेकिन भारत की 60% आबादी कृषि पर निर्भर होने के कारण यह संभव नहीं है। अमेरिका ने फिलहाल इस पर दबाव न डालने का फैसला किया है।
वहीं, भारत अमेरिका से ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में बड़ी खरीद कर रहा है। इसके अतिरिक्त भारत अमेरिकी मोटरसाइकिल और व्हिस्की जैसी वस्तुओं पर आयात शुल्क में कमी का ऐलान पहले ही कर चुका है। इससे अमेरिका को व्यापार घाटे की भरपाई में मदद मिलेगी। (India-US trade deal)
ट्रेड डील की विस्तृत शर्तें 9 जुलाई से पहले सार्वजनिक नहीं होंगी, जैसा ट्रम्प प्रशासन ने चीन और ब्रिटेन के साथ किए गए समझौतों में भी किया था।
रक्षा क्षेत्र में भी भारत-अमेरिका सहयोग मजबूत हो रहा है। दोनों देशों के बीच 10 साल का डिफेंस फ्रेमवर्क तैयार हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के बीच टेलीफोनिक बातचीत में इस पर सहमति बनी। अमेरिका भारत को 6 अपाचे AH-64E अटैक हेलिकॉप्टर दे रहा है, जिनमें से पहली खेप 15 जुलाई को पहुंचेगी और दूसरी नवंबर में। (India-US trade deal)
इसके अलावा भारत की डिफेंस अक्विजिशन काउंसिल (DAC) ने एक लाख करोड़ रुपये के हथियारों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें आर्म्ड रिकवरी व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें शामिल हैं। (India-US trade deal)
यह भी पढ़ें :- Ahmedabad plane crash : एअर इंडिया पर मुआवजा टालने और पीड़ितों से संवेदनशील जानकारी मांगने का आरोप



