Raipur Heavy Rain Alert: बिलासपुर-कोरबा समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, प्रदेश में झमाझम बारिश, बिजली गिरने की आशंका

Raipur Heavy Rain Alert : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को कोरबा, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद सहित 17 जिलों में गरज-चमक के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। रायपुर में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं, गरियाबंद के राजिम-फिंगेश्वर क्षेत्र में झमाझम बारिश से खेतों में पानी भर गया है।
लगातार बारिश से जलभराव, पुल बहे
लगातार हो रही बारिश के कारण गरियाबंद जिले में नालों में तेज बहाव है और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। पिछले 15 दिनों में जिले में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
शनिवार को प्रदेश के 10 से अधिक जिलों के करीब 90 स्थानों पर 10 मिमी या उससे अधिक बारिश हुई। औसतन 25.73 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, कोरबा में 20 साल पुराना पुल और सड़क तेज बहाव में बह गए।
नदी-नाले उफान पर, संपर्क टूटा
गरियाबंद के बांस झर्रा में पुल बहने से बड़मार क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रदेश में अब तक 243.4 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। बीजापुर में सबसे अधिक 382 मिमी और बेमेतरा में सबसे कम 81.5 मिमी बारिश हुई है। आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश से हादसे, NDRF की कार्रवाई
महासमुंद जिले के रक्सा गांव में स्टॉप डैम के पास मिट्टी धंसने से एक युवक लापता हो गया था। NDRF की टीम ने 48 घंटे की मशक्कत के बाद शोभराम का शव घटनास्थल से 3 किमी दूर बरामद किया। कोरबा में तेज बहाव में बहे युवक की लाश भी 40 घंटे बाद मिली। वह रेलवे पुलिया के नीचे काम कर रहा था।
गौरेला-पेंड्रा में मूसलाधार बारिश, हाईवे डैमेज
गौरेला-पेंड्रा मरवाही क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से कई एनीकट बह गए हैं। बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को भारी नुकसान पहुंचा है। कारिआम और जोगीसार के बीच निर्माणाधीन बाईपास पानी में बह गया। यातायात को पेंड्रा और खोडरी के वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। कोटमी खुर्द क्षेत्र में तेज बहाव से सड़क ध्वस्त हो गई है। (Raipur Heavy Rain Alert)
मरम्मत कार्य तेज, SDM का निरीक्षण
एसडीएम ऋचा चंद्राकर ने क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण कर ठेकेदारों और इंजीनियरों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं। जोगीसार में पुलिया की मरम्मत तेज गति से चल रही है। अगला कार्य बेलपत की क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत का होगा। (Raipur Heavy Rain Alert)
मानसून रहेगा लंबा, बिजली गिरने का कारण
इस बार मानसून 8 दिन पहले 24 मई को केरल पहुंच गया था। अगर मानसून समय पर 15 अक्टूबर को लौटता है, तो इसकी अवधि 145 दिन रहेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून ब्रेक की स्थिति नहीं आई तो इसका लाभ मिलेगा।
आकाशीय बिजली बादलों के बीच विपरीत एनर्जी के टकराव से बनती है और धरती पर गिरती है। वह ऐसे माध्यम की तलाश करती है जिससे गुजर सके, इसलिए खुले में खड़े रहना खतरनाक हो सकता है। (Raipur Heavy Rain Alert)
यह भी पढ़ें :- डी.वाई. चंद्रचूड़ से बंगला तुरंत खाली कराया जाए, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को लिखा पत्र



