Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Sports Development: ओलंपिक विजेता अभिनव बिंद्रा की पहल से खिलेगी खेल प्रतिभा, मुख्यमंत्री साय से मुलाकात में उठे अहम प्रस्ताव

Chhattisgarh Sports Development: छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को अब आधुनिक तकनीकों से संवारकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और पद्मभूषण शूटर श्री अभिनव बिंद्रा ने मुलाकात की और राज्य में ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन, स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी एवं स्पोर्ट्स साइंस डेवलपमेंट कार्यक्रम शुरू करने की इच्छा जताई।

मुख्यमंत्री ने अभिनव बिंद्रा का पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया और इस प्रस्ताव की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों समेत राज्य के युवाओं में खेल के प्रति गहरी रुचि और स्वाभाविक प्रतिभा है, जिन्हें वैज्ञानिक और तकनीकी सहायता देकर निखारा जा सकता है।

श्री बिंद्रा ने बताया कि उनकी अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन देश के कई राज्यों में खेल विकास के लिए निःशुल्क कार्यक्रम संचालित कर रही है और अब छत्तीसगढ़ में भी इसकी शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि:

  • ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन के तहत स्कूली बच्चों में उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री जैसे मूल्य विकसित किए जाएंगे।

  • स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी प्रोग्राम के तहत खिलाड़ियों को निःशुल्क सर्जरी, पुनर्वास और देखभाल की सुविधा दी जाएगी। इसमें देशभर के 30 विशेषज्ञ डॉक्टरों का नेटवर्क सहयोग देगा।

  • स्पोर्ट्स साइंस प्रोग्राम के जरिए खिलाड़ियों को वैज्ञानिक आधार पर प्रशिक्षित किया जाएगा और नई तकनीकों की मदद से प्रतिभा की पहचान कर उन्हें उन्नत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कोरवा जनजाति जैसे समूहों में पारंपरिक तीरंदाजी की अनूठी प्रतिभा है, जिसे बढ़ावा देने के लिए रायपुर और जशपुर में 60 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन में राज्यभर से 1.65 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी बताती है कि खेल यहां सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। (Chhattisgarh Sports Development)

सरकार ने ओलंपिक में पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि की घोषणा भी की है- स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत को 2 करोड़ और कांस्य विजेता को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। (Chhattisgarh Sports Development)

इस अवसर पर खेल मंत्री टंकराम वर्मा, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, खेल विभाग सचिव यशवंत कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। (Chhattisgarh Sports Development)

यह भी पढ़ें :- Sawan 2025 : सावन में रुद्राक्ष पहनना क्यों है खास? जानिए सही समय, विधि और नियम

Back to top button
error: Content is protected !!