जज तय नहीं करेंगे कौन सच्चा भारतीय है: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी

Priyanka Gandhi on SC: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फटकार लगाने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं माननीय जजों का पूरा सम्मान रखते हुए ये कहना चाहती हूं कि वे यह तय नहीं करेंगे कि सच्चा भारतीय कौन है। यह विपक्ष के नेता का काम है, सरकार को चुनौती देने के लिए सवाल पूछना उनका कर्तव्य है। मेरा भाई सेना के खिलाफ कभी कुछ नहीं कहेगा। वो सेना का सर्वोच्च सम्मान करते हैं। राहुल गांधी ने हमेशा सैनिकों का आदर किया है। उनके दिल में उन सभी के लिए आदर है। वे नेता प्रतिपक्ष हैं और उनका कर्तव्य सरकार से सवाल पूछना है। वे अपना कर्तव्य निभाते हैं।
यह भी पढ़ें:- Donald Trump on Russia: रूस से व्यापार पर भारत की आलोचना पर ट्रंप बोले – “मुझे जानकारी नहीं, जांच करनी होगी”
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी जिस बात पर चर्चा कर रहे हैं, वहीं हर राष्ट्रवादी भारतीय की सोच है। जब भी हम संसद के अंदर सवाल पूछते हैं तो कोई जवाब नहीं मिलता और जब भी हम संसद के बाहर राष्ट्रहित से जुड़ा कोई सवाल पूछते हैं तो हमें देशद्रोही करार दे दिया जाता है। हम ही सच्चे भारतीय हैं, जो भारत के लिए सवाल उठाते हैं। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जज ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जो टिप्पणी की वह बहुत आश्चर्यजनक था। सभी राजनीतिक दलों का मानना है कि देश के मुद्दों को उठाना हमारा कर्तव्य है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि विपक्ष के नेता को ये पूरा अधिकार है कि वह सरकार से सवाल पूछे। अगर सोशल मीडिया पर नेता प्रतिपक्ष अपनी बात नहीं रखेंगे तो कहां रखेंगे? विपक्ष के पास कभी भी दस्तावेज नहीं होंगे, लेकिन जो सवाल पूछने हैं वह पूछे जाएंगे। मैं राहुल गांधी की सराहना करता हूं कि उन्होंने हर मोर्चे पर सवाल पूछे, सरकार को कटघरे में खड़ा किया और कई बार सरकार बैकफुट पर आई, उन्हें अपने निर्णयों को वापस लेना पड़ा।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने किया पलटवार
वहीं भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर कहा कि पहली बार कोई सांसद, जो संविधान की शपथ लेकर आया है, न्यायपालिका पर टिप्पणी कर रहा है। इससे साफ है कि यह परिवार अपने आप को संविधान और संसद से ऊपर समझता है। तभी तो वे संसद भी नहीं चलने दे रहे हैं। प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी का बचाव नहीं किया है, न्यायपालिका का अपमान किया है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और देश की सुरक्षा के बारे में कोई बात कह रहे हैं तो उसका कोई प्रमाण तो होना चाहिए। सबसे अहम बात यह है कि वक्फ बिल पर सुप्रीम कोर्ट में चल रही बहस के दौरान, मुर्शिदाबाद, मालदा और अन्य जगहों से लोग अपने इलाकों में हुए दंगों के कारण मेरे इलाके (झारखंड) में आकर बस रहे थे। मैंने एक बयान दिया था कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी संसद द्वारा बनाए गए कानूनों को प्रभावित कर रही है। मेरे बयान पर खूब हंगामा हुआ। (Priyanka Gandhi on SC)
प्रियंका गांधी के बयान पर संज्ञान लेना चाहिए: निशिकांत
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने मेरे खिलाफ 6 पन्नों का आदेश दिया और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने एक प्रस्ताव पारित किया, लेकिन आज कुछ नहीं हुआ। जब कोई गांव का आदमी कोई बयान देता है तो ऐसा लगता है जैसे संविधान खतरे में पड़ गया हो, लेकिन जब कोई बड़े परिवार का व्यक्ति ऐसा बयान देता है तो न तो सुप्रीम कोर्ट संज्ञान लेता है, न बार एसोसिएशन और न ही कोई NGO। सुप्रीम कोर्ट के बारे में जो टिप्पणी प्रियंका गांधी और UPA गठबंधन किया है, सुप्रीम कोर्ट को इस पर संज्ञान लेना चाहिए नहीं तो ये माना जाएगा कि कानून दो लोगों के लिए अलग-अलग है। दरअसल, राहुल गांधी ने 9 दिसंबर 2022 को भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच हुई झड़प पर टिप्पणी की थी, जिसे लेकर 4 अगस्त को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताई थी। इसे लेकर PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की इससे बड़ी फटकार हो ही नहीं सकती। (Priyanka Gandhi on SC)



