Google Analytics —— Meta Pixel

पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर सियासी बयानबाजी, जानिए किसने क्या कहां…?

Satypal Malik Death: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया, जिसे लेकर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। RLP (राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी) के अध्यक्ष और सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि हम देख रहे हैं कि जिस तरह का सम्मान एक पूर्व राज्यपाल को मिलना चाहिए उस तरह का सम्मान उन्हें नहीं मिल रहा है। यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है। हम प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से निवेदन कर रहे हैं कि उन्हें सम्मान दें। अगर वर्ग देखकर सम्मान दिया जाएगा तो यह परंपरा अच्छी नहीं होगी। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है और कहीं न कहीं यह सरकार की घटिया मानसिकता को प्रदर्शित करता है कि आप एक पूर्व गवर्नर जो कई राज्यों के राज्यपाल रहे, उनको निधन के बाद भी सम्मान देने को तैयार नहीं हैं, जो उन्हें मिलना चाहिए। यह बहुत दुखद बात है।

यह भी पढ़ें:- अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की धमकी पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘दोस्त दोस्त न रहा’

उन्होंने कहा कि यह भाजपा की नफरत की सोच को भी प्रदर्शित करता है। सत्यपाल मलिक ने अपना पूरा जीवन बहादुरी के साथ जीया, सच के लिए हमेशा खड़े रहे इस बात की चिंता किए बगैर कि इसका खामियाजा क्या होगा। अफसोस इस बात का भी है कि जब वे अस्पताल में गंभीर स्थिति में भर्ती थे तब उनके ऊपर CBI का केस दर्ज किया गया। यह क्रूरता की पराकाष्ठा है। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि उनसे लोग प्रेरणा लें। अभी भी समय है। सरकार को उनके अंतिम संस्कार का पूरा इंतजाम,एक पूर्व राज्यपाल को जो सम्मान मिलना चाहिए उसके अनुसार करना चाहिए। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि सत्यपाल मलिक को मैं पिछले 45 साल से जानता था। वे किसानों की मजबूत आवाज थे और दृढ़ विचारधारा के व्यक्ति थे। दृढ़ता के साथ उन्होंने पुलवामा के बारे में कई सवाल उठाए थे। उन्होंने जवानों की सुरक्षा के बारे में एक बड़ा प्रश्न खड़ा किया। उन्हें कई संकटों से गुजरना पड़ा, एक तरफ वेंटिलेटर लगा था, दूसरी तरफ उनके खिलाफ CBI केस कर रही थी। यह बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं उन्हें बहुत ही विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। (Satypal Malik Death)

उनका जीवन एक तपस्या रहा: बीरेंद्र

कांग्रेस नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनका बहुत लंबा राजनीतिक जीवन रहा है। बहुत से लोग राजनीति में बहुत सारी गलतियां करते हैं, लेकिन उनके बारे में एक बात जरूर कहूंगा कि सत्यपाल मलिक ने राजनीति में गरिमा और सिद्धांत की राजनीति निभाई है। उनका निधन किसान वर्ग को तो क्षति है ही, लेकिन इस बात की भी क्षति है कि गलतियां करने वालों को खुलकर उनकी गलतियां बताने वाले बेहद कम लोग हैं। उन्हें मेरी श्रद्धांजलि है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हम सत्पाल मलिक को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, जिनका जीवन एक तपस्या रहा। अपनी निर्भीकता के लिए, कृषि और किसानों के लिए उन्होंने जो आवाज उठाई उसके लिए उन्हें याद किया जाएगा। ईश्वर से हमारी यही प्रार्थना है कि उनके परिवार और उनके निकटजनों को शक्ति दें, दुख का सामना करने के लिए और उन्हें अपने श्रीचरणों में उन्हें स्थान दें। वे अलग-अलग पदों पर रहे। राज्यपाल का उनका अंतिम संवैधानिक पद रहा। उसके अनुरूप उन्हें जो प्रोटोकोल दिया जाना चाहिए, यही हमारी उम्मीद है। (Satypal Malik Death)

एजेंसियों ने प्रताड़ित किया: खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि बहुत अफसोस की बात है कि जब वे बीमार थे, ICU में थे, तब भी उन्हें सरकार की एजेंसियों ने प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। किसानों के हक के लिए ऐसे दौर में आवाज उठाना आसान नहीं था। उन्होंने उस पार्टी में रहते हुए भी किसानों के पक्ष में अपनी आवाज उठाई, उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि वे किसानों के नेता थे, गांव के थे, गरीबों की बात करते थे, जमीन से जुड़े हुए नेता थे, बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते थे और बहादुर इंसान थे। मैं व्यक्तिगत रूप से उनसे बहुत प्रभावित रहता था। उनका निधन अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार को भगवान ये दुख सहने की शक्ति दे और मेरी व मेरी पार्टी की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि। जम्मू कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि सत्यपाल मलिक हमारे यहां राज्यपाल रह चुके हैं और काफी लंबे समय तक उन्होंने यहां पर अपनी सेवाएं दी। उनके व्यक्तित्व की अहम बात थी कि वे बहुत निडर और बहादुर थे। हम परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि वह उन्हें स्वर्ग में जगह दें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। (Satypal Malik Death)

हमारे और किसानों के लिए क्षति: त्यागी

बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वे बिहार के भी राज्यपाल रहे और एक सफल नेता के तौर पर जाने जाते हैं। उनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है। भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें और उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। हरियाणा सरकार के मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि देश की राजनीति का एक अनुभवी चेहरा हमारे बीच नहीं रहा। ऐसे व्यक्ति का हमारे बीच से जाना दुखद होता है। उनके परिवार को परमात्मा ये दुख सहन करने की शक्ति दे। दिवंगत आत्मा को परमात्मा अपने चरणों में जगह दे। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि छात्र राजनीति से उनकी शुरुआत हुई। सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह के साथ भी उन्होंने काम किया। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश के लोग खासकर नौजवान उनके जीवन से सीख लें। मैंने उनके साथ कई बार मंच साझा किया। JDU नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि मेरा और उनका 50 सालों से भी ज्यादा का साथ रहा है। उनका जाना एक दुखद घटना है। वे हमारे इलाके के सबसे बड़े नेता थे। यह हमारे और किसानों के लिए एक क्षति है। (Satypal Malik Death)

Back to top button
error: Content is protected !!