Shashi Tharoor On 50% Tariff : ट्रंप के टैरिफ पर भड़के शशि थरूर, कहा – अगर तीन हफ़्तों में बदलाव नहीं आया तो भारत को देना चाहिए जवाब

Shashi Tharoor On 50% Tariff : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ को लेकर कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शशि थरूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने रूस से भारत की तेल खरीद पर “दंडस्वरूप” टैरिफ लगाया है, जबकि चीन को इससे काफी राहत दी गई है।
यह भी पढ़े :- फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिरी CRPF की गाड़ी, 3 जवानों की गई जान, उत्तराखंड में एक ऑफिसर और 8 जवान लापता
थरूर ने आरोप लगाया कि अमेरिका का यह कदम एक “छिपे हुए संदेश” की तरह है, जिससे संकेत मिलता है कि भारत की तुलना में चीन के प्रति नरम रवैया अपनाया गया है। उन्होंने कहा, “चीन रूस से भारत के मुकाबले लगभग दोगुना तेल खरीद रहा है, फिर भी उन्हें 90 दिन की छूट दी गई, जबकि भारत को महज 21 दिन का समय मिला है। यह भेदभावपूर्ण है।”
“तीन हफ़्तों में बदलाव नहीं आया तो भारत को भी देना चाहिए जवाब”
संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने कहा, “अगर अगले तीन हफ़्तों में अमेरिका की तरफ से कोई बदलाव नहीं आता है, तो भारत को भी जवाबी टैरिफ लगाना चाहिए। अमेरिका ने अपने फैसले को ‘पारस्परिकता’ (reciprocity) का नाम दिया है, तो फिर हमें भी उसी तर्ज़ पर जवाब देना चाहिए।”
थरूर ने यह भी कहा कि ट्रंप द्वारा घोषित टैरिफ केवल पारस्परिक नहीं लगते, क्योंकि अमेरिका से भारत के आयात पर पहले से ही औसतन 17% शुल्क है। उन्होंने कहा, “भारत धमकी की नीति नहीं अपनाता, लेकिन अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।”
“भारतीय-अमेरिकियों को करना चाहिए हस्तक्षेप”
थरूर ने अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के नागरिकों से अपील की कि वे अपनी सरकार से निष्पक्ष रवैया अपनाने का आग्रह करें। उन्होंने पूर्व अमेरिकी गवर्नर निक्की हेली का उदाहरण देते हुए कहा, “हेली ने भी हाल ही में ट्रंप से कहा था कि चीन के बजाय भारत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।”
“टैरिफ से भारत के निर्यात पर होगा गहरा असर”
थरूर ने चेताया कि अमेरिकी टैरिफ का भारत-अमेरिका के लगभग 90 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा, “अगर भारतीय सामान 50% महंगा हो गया, तो अमेरिकी ग्राहक उसे खरीदने से पहले दो बार सोचेंगे। इससे हमारे प्रतिस्पर्धी देश जैसे वियतनाम, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन को फायदा होगा। (Shashi Tharoor On 50% Tariff )
कांग्रेस ने मोदी सरकार की विदेश नीति को ठहराया ज़िम्मेदार
इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रतिक्रिया दी और सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसे “विनाशकारी रूप से दुविधापूर्ण कूटनीति” करार दिया, जिसने भारत की वैश्विक स्थिति को नुकसान पहुंचाया है। (Shashi Tharoor On 50% Tariff )



