फिसलकर 200 फीट गहरी खाई में गिरी CRPF की गाड़ी, 3 जवानों की गई जान, उत्तराखंड में एक ऑफिसर और 8 जवान लापता

Accident in Udhampur: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ है, जहां के बसंतगढ़ इलाके में CRPF जवानों की बंकर गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 3 जवानों की जान चली गई। जबकि 15 जवान घायल हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक 5 जवानों की हालत गंभीर है। CRPF के अनुसार गाड़ी जवानों के एक दल को ले जा रहा था, जो सड़क से फिसलकर खड़ी ढलान से नीचे खाई में जा गिरा। 3 शव घटनास्थल से बरामद किए जा चुके हैं। जबकि कई जवानों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कंदवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में CRPF के एक वाहन के सड़क दुर्घटना होने की खबर सुनकर व्यथित हूं।
यह भी पढ़ें:- किसानों के हितों के लिए मैं कीमत चुकाने को तैयार: टैरिफ संकट के बीच पीएम मोदी का बयान
उन्होंने कहा कि वाहन में CRPF के कई बहादुर जवान सवार थे। मैंने DC सलोनी राय से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं और मुझे जानकारी दे रही हैं। बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय लोग स्वेच्छा से सहायता के लिए आगे आए हैं। हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि उधमपुर के पास एक दुर्घटना में CRPF कर्मियों की मृत्यु से दुखी हूं। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। (Accident in Udhampur)

इधर, उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से आई बाढ़ में अब तक 3 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 70 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। जानकारी के मुताबिक 50 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं, जिसमें एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) और 8 जवान भी शामिल हैं। वहीं आर्मी के 9 जवानों और 3 सिविलियंस को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर देहरादून ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को AIIMS ऋषिकेश, 8 लोगों को उत्तरकाशी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सेंट्रल कमांड के आर्मी कमांडर, लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने कहा कि धराली पूरी तरह से तबाह हो गया है। अचानक आई बाढ़ के लगभग डेढ़ घंटे बाद, फिर से अचानक बाढ़ और भूस्खलन हुआ, जिससे दक्षिण हरसिल में हमारा आर्मी कैंप तबाह हो गया और धराली का हर तरह का संपर्क टूट गया। (Accident in Udhampur)

लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने कहा कि शुरुआती बचाव अभियान के लिए, 14 JAK RIF के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन अपने 150 जवानों के साथ घटनास्थल पर तैनात थे। जब भूस्खलन हमारे दक्षिण कैंप में हुआ तो 7 जवान और एक JCO लापता हो गए। हम धराली गांव से संपर्क बहाल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, ताकि हरसिल से धराली तक का सफर आसान हो जाए। 30-40 मजदूर भी लापता हो गए हैं। मैं यहां के निवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारतीय सेना आपके साथ है और इस विनाश से उबरने में आपकी मदद करेगी। धराली और हर्षिल में बचाव कार्यों पर सीमा सड़क संगठन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल रघु श्रीनिवासन ने कहा कि बादल फटने और उसके बाद हुई भारी बारिश के बाद, यहां से धराली की दूरी लगभग 96 किलोमीटर है, और पूरे रास्ते में चार बड़े भूस्खलन बिंदु हैं और एक पुल नष्ट हो गया है। (Accident in Udhampur)
अभी धराली पूरी तरह खाली है: त्रिवेंद्र सिंह
उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारी और मशीनरी तैनात हैं और सड़कों को बहाल करने के प्रयास जारी हैं। हमें उम्मीद है कि कुछ ही घंटों में संपर्क बहाल हो जाएगा। हमारे जवान तैयार हैं। जैसे ही सड़क संपर्क बहाल होगा। हमें उम्मीद है कि एक दिन में पुल का निर्माण शुरू हो जाएगा। अगले तीन दिनों में हम हर्षिल तक सड़क खोलकर संपर्क बहाल कर पाएंगे। हर्षिल को धराली से जोड़ने वाली सड़क अभी पानी में डूबी हुई है। हम या तो पुरानी सड़क को बहाल कर सकते हैं या एक नई सड़क बना सकते हैं, इन दोनों विकल्प का हम उपयोग करेंगे। भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि धराली पूरी तरह खाली है अब वहां पर कोई नहीं है। गांव के 7 लोग लापता है। अभी कुछ देर पहले मेरी सीएम से बात हुई है तो उन्होंने मुझे ये बताया। बाहर से जो आए हैं उन्हें देहरादून एयरपोर्ट पर छोड़ा जा रहा है और बाकि जो स्थानीय लोग हैं उन्हें ITBP कैंप में रखा जा गया है। स्थिति सामान्य है। (Accident in Udhampur)



