सरकारी संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना राहुल गांधी का फैशन बनता जा रहा: बीजेपी

BJP on Rahul Gandhi: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को गंभीरता से लेने की कोई जरूरत नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने कोई आपत्ति क्यों नहीं दर्ज कराई ? जिन राज्यों में कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतती है, वहां EVM और चुनाव आयोग अच्छे हैं। वे हमेशा चुनाव आयोग को दोष देने की कोशिश करते हैं। इन लोगों ने मनोहर सिंह गिल को भारत का मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया और फिर उन्हें कांग्रेस पार्टी का सांसद बना दिया। आज, विपक्ष के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) का चयन करने वाले तीन सदस्यीय पैनल का हिस्सा हैं। पहले प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, जवाहरलाल नेहरू अपने हिसाब से मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करते थे। अब एक उचित व्यवस्था है।
यह भी पढ़ें:- सुप्रीम कोर्ट ने ED को लगाई कड़ी फटकार, कहा- एजेंसी ठग की तरह काम नहीं कर सकती
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और वे कर्नाटक का उदाहरण दे रहे थे तो कर्नाटक में किसकी सरकार है? आप क्या कहना चाह रहे हैं, आप भूल जाते हैं कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले विधानसभा चुनाव हुए थे और उसमें कौन जीता था। आप बार-बार मांग कर रहे हैं कि वोटर लिस्ट ठीक की जाए, पहले आप शिकायत करते हैं, लेकिन जब उसका समाधान किया जाता है तो आप उस प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हैं। सुधारने की प्रक्रिया ही तो SIR है। झारखंड चुनाव ये जीत गए तो वहां सब ठीक है, लेकिन महाराष्ट्र में धांधली का आरोप लगाते हैं। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के कारनामें ऐसे हैं कि वे जब तक झूठ बोलते रहेंगे और संवैधानिक संस्थाओं पर लांछन लगाते रहेंगे तब तक देश के गरीब, पिछड़े और महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाते रहेंगे। (BJP on Rahul Gandhi)
मुख्यमंत्री फडणवीस का वार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र और कर्नाटक में मतदाता सूचियों पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और देश में कही वोटों की चोरी नहीं हुई है। राहुल गांधी लगातार झूठ बोल रहे हैं और गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने पिछली बार कहा कि महाराष्ट्र में 75 लाख वोट बढ़े और अब कहा कि 1 करोड़ वोट बढ़े। वे झूठ बोलकर अपनी हार को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें पता है कि उनकी पार्टी का वजूद खो चुका है। मैं इसका विरोध करता हूं। जनता अगले चुनाव में इन्हें सबक सिखाएगी। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने उन राज्यों पर कभी कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की, जहां उन्होंने चुनाव जीता। देश की जनता इस चुनिंदा आक्रोश को देख रही है। अगर भारत का चुनाव आयोग समझौतावादी है, जैसा कि वह कहते हैं, तो वे लोकसभा चुनाव में 99 सीटों पर अपनी जीत का जश्न कैसे मना सकते हैं। (BJP on Rahul Gandhi)
राहुल गांधी की हताशा की पराकाष्ठा: पात्रा
उन्होंने कहा कि यह राहुल गांधी की हताशा की पराकाष्ठा है। हमारी पार्टी ने सबसे लंबे समय तक विपक्षी दल की भूमिका निभाई, लेकिन हमारे किसी भी नेता ने कभी भी भारत के चुनाव आयोग के अधिकारियों को धमकी नहीं दी। छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से बहुत दूर जा चुकी है। जनता को ठगने का काम, धोखा देना का काम लगातार कांग्रेस ने किया। बड़े-बड़े वादे करके वोट ले लेते हैं और फिर जनता को भूल जाते हैं। बार-बार इनके नेता पाकिस्तान के साथ खड़े दिखते हैं, अपराधियों के साथ खड़े दिखते हैं। जब भी ये हारते हैं संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं। उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पूरी दुनिया भारत के चुनाव आयोग की तारीफ करती है। ऐसी संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना राहुल गांधी का फैशन बनता जा रहा है। भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि देश की जनता के दिलों में जो फैसला होता है, वही जनादेश होता है। आज गरीबों और महिलाओं के दिलों में प्रधानमंत्री मोदी का स्थान है। यह जनता का फैसला है और इसी जनादेश से उन्होंने देश में तीसरी बार सरकार बनाई है। (BJP on Rahul Gandhi)



