चित्रकोट विधायक को लोगों ने घेरा, वायरल वीडियो को लेकर आमने-सामने कांग्रेस-भाजपा

Congress on Chitrakote MLA: बस्तर के चित्रकोट से भाजपा विधायक विनायक गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि विधायक को जनता ने भगा दिया। कांग्रेस ने इस वीडियो को जारी करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। साथ ही कहा कि चित्रकोट विधायक विनायक गोयल को जनता ने दौड़ाया। अब भाजपा विधायक, नेताओं को जनता सड़कों पर घेर रही है। यह ठगों की बारात अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली, प्रदेश के चारों दिशाओं से रुझान आने लगे हैं। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि डबल इंजन सरकार पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। जनता अब भाजपा विधायकों को उनके क्षेत्रों में घुसने नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कभी केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को भीड़ का सामना करना पड़ रहा है, किसी को जनता के सामने से भागना पड़ रहा है। यह तो शुरुआत है।
बैज ने कहा कि आने वाले दो सालों में भाजपा विधायकों को जनता जवाब देगी, क्योंकि सभी वर्गों से छलावा हुआ है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने घर की गुटबाजी को देखे। कांग्रेस में जूतम-पैजार मचा हुआ है। चुनाव के समय कई वादे किए जाते हैं, जिन्हें एक साथ पूरा नहीं किया जा सकता। बारी-बारी से काम होता है। परिवार में भी नाराजगी और झल्लाहट होती है, लेकिन इसका मतलब विरोध नहीं होता। चित्रकोट में विधायक अच्छा काम कर रहे हैं। (Congress on Chitrakote MLA)
मंत्री जायसवाल ने कसा तंज
इसी दौरान कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर भी मंत्री जायसवाल ने तंज कसा है। साथ ही कहा कि कांग्रेस दो साल से संगठन गढ़ रही है, लेकिन अब तक सृजन नहीं कर पाई। इतने समय में तो विश्वकर्मा जी भी एक नया सृष्टि रच देते। कांग्रेस की गुटबाजी के कारण संगठन सृजन लटका हुआ है, जबकि बीजेपी ने अपने संगठन का विस्तार कर लिया है। वहीं PCC चीफ दीपक बैज ने रायपुर डिलीवरी बॉय और धमतरी ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। (Congress on Chitrakote MLA)
50-50 लाख मुआवजा देने की मांग
उन्होंने पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपए आर्थिक मुआवजा और परिजनों को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। बैज ने कहा कि इन घटनाओं के पीछे पुलिस और सिस्टम की नाकामी साफ तौर पर सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सिस्टम के फेल्योर की वजह से ये हत्याएं हुई है। इसलिए सरकार को जिम्मेदारी लेते हुए पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए। इस पर भाजपा प्रवक्ता विजय शंकर मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दीपक बैज अपनी सरकार के समय की घटनाओं को भूल जाते हैं। कांग्रेस शासनकाल की तुलना में अब कम अपराध हो रहे हैं। सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, जरूरत होगी तो मुआवजा भी दिया जाएगा। (Congress on Chitrakote MLA)



