चीन के विदेश मंत्री ने PM मोदी से की मुलाकात, सीमा पर शांति और स्थिरता के महत्व पर जोर

Chinese Foreign Minister: चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वांग यी ने प्रधानमंत्री मोदी को तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का संदेश और निमंत्रण दिया। उन्होंने विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक और विशेष प्रतिनिधियों की 24 वीं बैठक के बारे में अपने सकारात्मक मूल्यांकन को भी साझा किया। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ इस बैठक की सह-अध्यक्षता की थी। प्रधानमंत्री ने सीमा पर शांति बनाए रखने के महत्व पर बल दिया और सीमा प्रश्न के निष्पक्ष, तर्कसंगत और आपसी रूप से स्वीकार्य समाधान के लिए भारत की वचनबद्धता दोहराई।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर्स को चेताया, बोले – लापरवाही बर्दाश्त नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल कजान में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपनी बैठक के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में स्थिर और सकारात्मक प्रगति का स्वागत किया। ये संबंध आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी संवेदनशीलता से निर्देशित हैं। इसमें कैलाश मानसरोवर यात्रा की बहाली भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने SCO शिखर सम्मेलन के निमंत्रण के लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग को धन्यवाद दिया और अपनी स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने SCO शिखर सम्मेलन में चीन की अध्यक्षता के लिए समर्थन व्यक्त किया। PM मोदी ने कहा कि वह तियानजिन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के लिए उत्सुक हैं। (Chinese Foreign Minister)

वहीं भारत और चीन ने सीमा विवाद हल करने के लिए एक्सपर्ट कमेटी बनाने का निर्णय लिया है। यह कमेटी जल्द से जल्द बॉर्डर निर्धारण के लिए हल ढूंढेगी। चीन के विदेश मंत्री वांग यी की प्रधानमंत्री मोदी और NSA अजित डोभाल से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया गया। वांग यी के दौरे के दौरान चीन भारत को फर्टिलाइजर और रेयर अर्थ मटेरियल देने को भी तैयार हो गया है। चीन ने जुलाई में इस पर रोक लगा दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी विदेश मंत्री ने जयशंकर को भरोसा दिया है कि चीन भारत को खाद, रेयर अर्थ मटेरियल और टनल बोरिंग मशीन की सप्लाई करेगा। वांग यी ने कहा कि दुनिया में हालात तेजी से बदल रहे हैं। फ्री ट्रेड और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। भारत और चीन सबसे बड़े विकासशील देश हैं और जिनकी आबादी मिलकर 2.8 अरब से ज्यादा है, उन्हें जिम्मेदारी दिखाते हुए एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। (Chinese Foreign Minister)

PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि विदेश मंत्री वांग यी से मिलकर खुशी हुई। पिछले साल कजान में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मेरी मुलाकात के बाद से भारत-चीन संबंधों में एक-दूसरे के हितों और संवेदनशीलता के सम्मान के साथ निरंतर प्रगति हुई है। मैं शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान तियानजिन में होने वाली हमारी अगली मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। भारत और चीन के बीच स्थिर विश्वसनीय और रचनात्मक संबंध क्षेत्रीय और वैश्विक शांति-समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। वांग यी ने NSA अजित डोभाल के साथ सीमा मुद्दे पर बात की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में जो समस्याएं आई हैं, वे दोनों देशों के लोगों के हित में नहीं थी। चीनी विदेश मंत्री ने इस मुलाकात को द्विपक्षीय रिश्तों की दिशा तय करने वाली और सीमा विवाद को सुलझाने में नया जोश देने वाली बताया। (Chinese Foreign Minister)

वहीं NSA अजित डोभाल ने भरोसा जताया कि ये वार्ता भी पिछली वार्ता की तरह सफल रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जल्द ही SCO शिखर सम्मेलन में शामिल होने चीन जाएंगे। डोभाल ने कहा कि पिछले कुछ समय में रिश्तों में सुधार हुआ है। सीमा पर शांति और स्थिरता बनी हुई है। हमारे द्विपक्षीय संबंध ज्यादा ठोस हुए हैं। बता दें कि भारत-चीन संबंध 2020 में पूर्वी लद्दाख की तनातनी के बाद बिगड़े थे, लेकिन हाल के महीनों में बातचीत और समझौतों के जरिए रिश्तों में सुधार की कोशिशें तेज हुई हैं। वहीं अमेरिका से टैरिफ वार के बीच भारत और चीन के संबंध गहरे होते जा रहे हैं। (Chinese Foreign Minister)




