लालटेन राज ने पूरे बिहार को अंधेरे में धकेला था, अब भ्रष्टाचारी जेल भी जाएगा और कुर्सी भी जाएगी: PM नरेंद्र मोदी

PM Modi in Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के गयाजी में बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल आपूर्ति जैसे कई क्षेत्रों में लगभग 13,000 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गयाजी की यह धरती अध्यात्म और शांति की धरती है, यह भगवान बुद्ध को बोध कराने वाली पावन भूमि है। यहां के लोग चाहते थे कि इस नगर का नाम गया नहीं, बल्कि गयाजी हो। मैं इस निर्णय के लिए बिहार सरकार को बधाई देता हूं। मुझे खुशी है कि बिहार की डबल इंजन सरकार गयाजी के तेज विकास के लिए तेज़ी से काम कर रही है।
यह भी पढ़ें:- शराब घोटाला मामला, पूर्व मंत्री कवासी लखमा की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरा संकल्प है कि जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। इसी सोच के साथ, पिछले 11 सालों में 4 करोड़ से ज़्यादा गरीबों को पक्का घर दिया गया है। अकेले बिहार में 38 लाख से ज़्यादा घर बनाए गए हैं। बिहार चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की धरती है। इस धरती पर लिया गया हर संकल्प कभी व्यर्थ नहीं गया है। जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, हमारे निर्दोष नागरिकों को उनका धर्म पूछकर मारा गया, तब मैंने बिहार की इस धरती से आतंकियों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी। आज दुनिया देख रही है कि बिहार की धरती पर लिया गया संकल्प पूरा हुआ है। (PM Modi in Bihar)

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की रक्षा नीति की नई लकीर खींच दी है, अब भारत में आतंकी भेजकर हमले कराकर कोई बच नहीं सकेगा। आतंकवादी चाहे पाताल में क्यों न छिप जाएं भारत की मिसाइलें उन्हें दफन करके रहेगी। लालटेन राज में यहां कैसी दुर्दशा थी। लालटेन राज में ये इलाका लाल आतंक से जकड़ा था। नक्सलियों के कारण शाम के बाद कहीं आना-जाना मुश्किल था। लालटेन राज में गयाजी जैसे शहर अंधेरे में डूबे रहते थे। हजारों गांवों तक बिजली के खंभे नहीं पहुंचते थे। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इन लोगों ने बिहार से पलायन के लिए मजबूर कर दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि RJD और उसके सहयोगी दल बिहार की जनता को सिर्फ़ अपना वोट बैंक समझते हैं। उन्हें गरीबों के सुख-दुख, मान-सम्मान की कोई चिंता नहीं है। (PM Modi in Bihar)

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री ने मंच से कहा था कि वे बिहार के लोगों को अपने राज्य में घुसने नहीं देंगे। बिहार की जनता के साथ कांग्रेस के दुर्व्यवहार को देखने के बाद भी RJD के लोग गहरी नींद सो रहे थे। बिहार की NDA सरकार कांग्रेस, INDI गठबंधन के इस नफरती अभियान का जवाब दे रही है। PM मोदी ने कहा कि अब भ्रष्टाचारी जेल भी जाएगा और कुर्सी भी जाएगी। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब NDA की सरकार बिहार में सत्ता में आई तो हमने काम करना शुरू किया, लेकिन पिछली सरकार ने कोई काम नहीं किया था। (PM Modi in Bihar)

CM ने कहा कि आज शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। इसके अलावा हाल ही में कुछ और काम हुए हैं, नए फैसले लिए गए हैं जैसे वृद्ध, दिव्यांग और विधवा महिलाओं के लिए पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 2024 से बिहार की यात्रा करके बिहार के विकास को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है, जो कि अपने आप में ऐतिहासिक है। 2004 से लेकर 2014 तक बिहार को मात्र 1 लाख 93 हजार करोड़ रुपए मिले थे। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लगभग 14 लाख करोड़ रुपए केवल बिहार के बजट को दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगुसराय में औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का उद्घाटन किया। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने अपने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि 1300 एकड़ में जो इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जा रहा है, वह भारत का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल पार्क है। यह गया के लिए ऐतिहासिक क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यहां आना हमारे लिए बहुत अच्छा और ऐतिहासिक रहा। (PM Modi in Bihar)

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिल में बिहार की तरक्की और बिहार का सम्मान है। प्रधानमंत्री मोदी बिहार के विकास को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। लोग सोच भी नहीं सकते थे कि बिहार में भी विकास हो सकता है। एक समय पर यह धरती नरसंहार की धरती के रूप में जानी जाती थी और आज विकास की धरती के नाम से जानी जाती है। LJP (रामविलास) सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि विकसित बिहार का सपना साकार हो रहा है। हम प्रधानमंत्री के बहुत आभारी हैं। पूरे मानसून सत्र में विपक्ष का व्यवहार बेहद संदिग्ध रहा, क्योंकि आप आलोचना तो कर सकते हैं, लेकिन ये क्या है कि आप सदन को चलने ही न दें, यह बहुत गलत है।

इस पर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि जब चुनाव आते हैं तो उन्हें बिहार याद आता है, मैं बिहार के लोगों से कहूंगी कि प्रधानमंत्री मोदी के पिछले भाषण याद करें। यहां पलायन क्यों जारी है? यहां विकास क्यों नहीं हो रहा है? राहुल गांधी और महागठबंधन की इस यात्रा (वोटर अधिकार यात्रा) से भाजपा लड़खड़ा और घबरा गई है।




