Google Analytics —— Meta Pixel

राजनांदगांव और बिलासपुर में करोड़ों की ठगी, एक में ज्वेलरी का लालच, दूसरे में शेयर मार्केट का झांसा

Fraud in Rajnandgaon Bilaspur: राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ज्वेलरी व्यवसाय में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर निवेशकों से करीब एक करोड़ पचास लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुरेंद्र सिंह ने 2021 से 2023 तक लोगों को भरोसे में लिया और कहा कि ज्वेलरी के कारोबार में पैसे लगाने पर हर महीने ढाई से तीन लाख रुपए तक मुनाफा मिलेगा। लालच में आकर निवेशकों ने बड़ी रकम आरोपी के पंजाब सिंध बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी, लेकिन तय समय पर न तो किसी को मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। जब पीड़ितों ने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आखिरकार पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।

यह भी पढ़ें:- बरोंडा में सैकड़ों छात्रों ने सीखे कैरियर निर्माण के गुर, विषय को रूचि पूर्वक पढ़ें: मुरली मनोहर देवांगन

जांच के बाद यह मामला ठगी का निकला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने बताया कि इस मामले में कुल 7 आरोपियों पर FIR दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 30 लाख रुपए की ज्वेलरी भी जब्त की है। ASP ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं बिलासपुर पुलिस ने साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह ने 59 लाख 87 हजार 994 रुपए की धोखाधड़ी की। (Fraud in Rajnandgaon Bilaspur)

अल्पना जैन की शिकायत पर कार्रवाई

मामला तब सामने आया जब बिलासपुर की रहने वाली अल्पना जैन ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें शेयर बाजार में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने डिमेट अकाउंट खुलवाने की बात कही और धीरे-धीरे लाखों रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। जांच में सामने आया कि यह गिरोह मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू से संचालित हो रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। (Fraud in Rajnandgaon Bilaspur)

सॉफ्टवेयर इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली से पढ़ा हुआ सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, जिसने तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा दिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 4 मोबाइल, 7 एटीएम कार्ड, 1 यूपीआई कार्ड, 2 पैन कार्ड, पासबुक और चेकबुक समेत कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित टीम अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह देशभर के कई लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुका है। (Fraud in Rajnandgaon Bilaspur)

Back to top button
error: Content is protected !!