Swadeshi Boards on Shop : दुकानों के बाहर ‘स्वदेशी’ बोर्ड लगाएं, अमेरिकी टैरिफ तनाव के बीच पीएम मोदी का करारा जवाब

Swadeshi Boards on Shop : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर ‘स्वदेशी’ बोर्ड (Swadeshi Boards on Shop) लगाएँ और लोगों को स्थानीय उत्पाद खरीदने के लिए प्रेरित करें। यह बयान उस समय आया है जब भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर तनातनी बनी हुई है।
यह भी पढ़े :- राजधानी और न्यायधानी में हत्या, बोरी में शव मिलने से फैली सनसनी, पढ़ें पूरी खबर
अहमदाबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,- “आने वाले त्योहार – नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस और दीपावली -सिर्फ सांस्कृतिक उत्सव ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता के भी पर्व होने चाहिए। हम जो भी खरीदें, वह ‘मेड इन इंडिया’ और स्वदेशी हो।”
मेरे यहाँ स्वदेशी बिकता है’ लिखे बोर्ड लगाने की अपील
प्रधानमंत्री ने व्यापारियों से कहा कि वे अपने दुकानों पर यह संदेश प्रमुखता से लगाएँ कि उनके यहां केवल स्वदेशी सामान उपलब्ध है। उन्होंने कहा,- “इस पर गर्व होना चाहिए कि हम अपने देश में निर्मित वस्तुओं को बेचते हैं। आयातित वस्तुओं से परहेज़ करके हम छोटे-छोटे कदमों से देश की प्रगति और समृद्धि को आगे बढ़ा सकते हैं।”
वोकल फॉर लोकल’ से जुड़ी अपील
पीएम मोदी अपने 11 साल के कार्यकाल के दौरान लगातार ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यदि हर भारतीय स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देगा, तो यह न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका भी सुरक्षित करेगा।
अमेरिकी टैरिफ के बीच ‘स्वदेशी गौरव आंदोलन’
विशेषज्ञ मानते हैं कि पीएम मोदी का यह संदेश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए अतिरिक्त शुल्कों के जवाब के रूप में देखा जा सकता है। अमेरिका ने भारत पर आरोप लगाया है कि वह रूस से कच्चा तेल खरीद रहा है और इसे “जुर्माना” बताते हुए कुल 50% तक टैरिफ लगाने की तैयारी है।
भारत ने इस पर आपत्ति जताई है और अपनी आर्थिक संप्रभुता पर जोर दिया है। वहीं हाल के महीनों में रूस के साथ भारत के संबंध और मजबूत हुए हैं, जबकि चीन के साथ रिश्तों में नरमी देखी जा रही है।
बैकग्राउंड: मोदी सरकार के स्वदेशी अभियान
- 2014: मेक इन इंडिया अभियान की शुरुआत, उद्देश्य — भारत को वैश्विक विनिर्माण हब बनाना।
- 2017: स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया से स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहन।
- 2020 (कोविड काल): आत्मनिर्भर भारत अभियान की घोषणा, जिसमें MSMEs और घरेलू उत्पादन को बढ़ावा मिला।
- 2021-2023: वोकल फॉर लोकल का नारा, जिसमें खासकर त्योहारों और ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान स्थानीय उत्पादों के उपयोग पर बल दिया गया।
- 2024-25: सरकार ने छोटे व्यापारियों और कारीगरों के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और भारत मंडपम जैसे प्लेटफॉर्मों से बाजार उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित किया।
यानी पीएम मोदी का ताज़ा संदेश इन्हीं पहलों की कड़ी है, जिसमें उन्होंने सीधे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों से अपील (Swadeshi Boards on Shop) की है कि वे विदेशी सामान से दूरी बनाकर स्वदेशी उत्पादों को गर्व से अपनाएँ।



