पैसों के लेन-देन में चाकूबाजी, एक की मौत, शारीरिक संबंध नहीं बनाने पर युवती की हत्या
Crime in Chhattisgarh: दुर्ग जिले के अहिवारा में पैसों के लेन-देन को लेकर बड़ा विवाद हुआ, जो खून-खराबे में बदल गया। जानकारी के मुताबिक अहिवारा स्थित बिहार ढाबा के संचालक आशुतोष कुमार से पैसे की मांग करने पहुंचे जासीम सिद्दीकी और उसके साथी संदेश गुप्ता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। चाकूबाजी में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद जासीम की हालत बिगड़ने पर उसे रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं संदेश गुप्ता की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
ASP पद्मश्री तंवर ने बताया कि मृतक और घायल दोनों ने कुछ समय पहले आशुतोष के ढाबे के निर्माण कार्य के लिए गिट्टी और रेत की सप्लाई की थी, जिसका करीब 2 लाख रुपए का भुगतान बकाया था। इस बीच जब दोनों ढाबे पर बकाया राशि मांगने पहुंचे तो कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि आशुतोष ने ढाबे में रखा चाकू उठाकर वार कर दिया। घटना की सूचना पर नंदनी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी आशुतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। (Crime in Chhattisgarh)
सूरजपुर में जन्माष्टमी विसर्जन में विवाद, 11 आरोपी गिरफ्तार
इधर, सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और बलवा में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ। देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। रामानुजनगर पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित कर आरोपियों की पहचान की और छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। (Crime in Chhattisgarh)
नारायणपुर में गुमशुदा युवती की हत्या
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ बलवा और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में तनाव कम हुआ है और हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। वहीं नारायणपुर जिले के बेनूर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुमशुदा युवती की हत्या का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला 12 फरवरी 2024 से लापता एक 27 साल की युवती का है, जिसकी तलाश में पुलिस लंबे समय से जुटी हुई थी। मामले में तब नया मोड़ आया जब साइबर सेल और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस को सुराग मिला। (Crime in Chhattisgarh)
गांव के युवक ने दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि गांव का ही युवक नरशु वड्डे युवती की गुमशुदगी के पीछे है। पुलिस ने साइबर ट्रेसिंग के आधार पर उसे तेलंगाना के सिद्दीपेट से हिरासत में लिया। पूछताछ में नरशु ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि 15 फरवरी की रात शराब के नशे में उसने युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद नरशु ने शव को पड़ोसी के पैरा में छिपाया और अगले दिन अपने साथी धनीराम वड्डे की मदद से शव को नाले के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया। (Crime in Chhattisgarh)
निशानदेही पर शव के अवशेष बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के अवशेष बरामद किए। मौके से बरामद लाल साड़ी, स्वेटर, ब्लाउज और चूड़ियों को परिजनों ने पहचान लिया। वैज्ञानिक टीम और मेडिकल दल की मौजूदगी में शव को निकाला गया और मिट्टी के नमूने के साथ अन्य सबूत जब्त कर जांच के लिए एफएसएल भेजे गए हैं। पुलिस ने नरशु वड्डे और धनीराम वड्डे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। SP रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और आधुनिक तकनीक के उपयोग से यह जघन्य अपराध बेनकाब हुआ है। इस मामले में साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम की भूमिका बेहद अहम रही। (Crime in Chhattisgarh)



