Google Analytics —— Meta Pixel

SCO शिखर सम्मेलन में आतंकवाद पर बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कहा- दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं

PM Modi on Terrorism: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग परिषद (SCO) के सदस्य सत्र में शामिल हुए। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का वक्तव्य दिया और कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुझे एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेते हुए खुशी हो रही है। हमारे भव्य स्वागत के लिए मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार व्यक्त करता हूं। आज उज़्बेकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है, इस अवसर पर मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि भारत ने SCO के सक्रिय सदस्य के रूप में हमेशा रचनात्मक और सकारात्मक भूमिका निभाई है। भारत का दृष्टिकोण और नीति तीन स्तंभों पर आधारित है- S – सिक्योरिटी, C – कनेक्टिविटी और O – अपॉर्चुनिटी।

यह भी पढ़ें:- देशभर में 1 सितंबर 2025 से हुए ये 7 बड़े बदलाव, जानिए आप पर कितना पड़ेगा असर

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में आतंकवाद को लेकर कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद का दंश झेल रहा है। हाल ही में हमने पहलगाम में आतंकवाद का घिनौना रूप देखा। इस दुख की घड़ी में जो मित्र देश हमारे साथ खड़े रहे मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमला मानवता में विश्वास रखने वाले हर देश और व्यक्ति को खुली चुनौती थी। ऐसे में प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों द्वारा आतंकवाद को खुला समर्थन हमें स्वीकार्य हो सकता है। हमें स्पष्ट रूप से और एक स्वर में कहना होगा कि आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं होंगे। PM मोदी ने आगे कहा कि सुरक्षा, शांति और स्थिरता किसी भी देश के विकास का आधार हैं, लेकिन आतंकवाद, अलगाववाद और अतिवाद बड़ी चुनौतियां हैं। (PM Modi on Terrorism)

उन्होंने कहा कि आतंकवाद केवल किसी देश की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए एक साझा चुनौती है। कोई देश, कोई समाज, कोई नागरिक इससे खुद को सुरक्षित नहीं समझ सकता। इसलिए, भारत ने आतंकवाद से लड़ाई में एकता पर ज़ोर दिया है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि भारत ने संयुक्त सूचना अभियान का नेतृत्व करके अल-कायदा और उससे जुड़े आतंकवादी संगठनों से लड़ने की पहल की। हमने आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ आवाज उठाई। इसमें मिले समर्थन के लिए मैं आभार व्यक्त करता हूं। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि SCO के सभी सदस्य देश मित्र और साझेदार हैं। हमें अपने मतभेदों का सम्मान करना चाहिए, रणनीतिक संवाद बनाए रखना चाहिए, आम सहमति बनानी चाहिए और एकजुटता, सहयोग को मज़बूत करना चाहिए। हमें सहयोग के दायरे को और बड़ा बनाना चाहिए और प्रत्येक देश की क्षमताओं का पूरा उपयोग करना चाहिए, ताकि हम क्षेत्र में शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि के लिए अपनी ज़िम्मेदारी पूरी कर सकें। (PM Modi on Terrorism)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि एक साल से भी कम समय में दोनों नेताओं की यह दूसरी बैठक है। पिछली बैठक कज़ान में हुई थी, जहां द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए रणनीतिक दिशानिर्देश तय किए गए थे। विदेश सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति शी को 2026 में भारत की ओर से आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया। राष्ट्रपति शी ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए भारत की BRICS अध्यक्षता को पूर्ण समर्थन देने की पेशकश की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ताइवान पर भारत की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। भाजपा नेता प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि चीन से एक लंबे तनाव के बाद जिस प्रकार की घोषणाएं दोनों नेताओं द्वारा हुई है वो उत्साह इस बात का पैदा करता है कि विश्व में एक नया ऑर्डर विकसित हो सकता है, क्योंकि चीन और भारत दोनों बड़े देश हैं। एशिया में दोनों का अपना महत्व है। ग्लोबल पॉलिटिक्स में दोनों की अपनी एक भूमिका है। इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट बातें कही हैं। (PM Modi on Terrorism)

Back to top button
error: Content is protected !!