Google Analytics —— Meta Pixel

अफगानिस्तान में भूकंप ने मचाई भारी तबाही, 800 से ज्यादा लोगों की मौत, 2500 घायल 

Afghanistan Earthquake 2025: अफगानिस्तान में रविवार देर रात आए 6 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। स्थानीय समयानुसार रात 11:47 बजे आए इस भूकंप ने अब तक 800 से ज्यादा लोगों की जान ले ली है और 2500 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है, क्योंकि कई लोग अब भी मलबे में दबे हुए हैं। भूकंप के समय ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। तेज झटकों से कई इमारतें ध्वस्त हो गईं और लोग भागने का मौका नहीं पा सके। राजधानी काबुल से लगभग 150 किमी दूर और जलालाबाद शहर से करीब 17 मील दूर इसका केंद्र था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक यह क्षेत्र लगभग 2 लाख की आबादी वाला इलाका है, जहां बड़ी संख्या में इमारतें कच्चे-पक्के निर्माण की वजह से कमजोर मानी जाती हैं।

यह भी पढ़ें:- विशेष लेख: बस्तर के विकास में एक और क्रांतिकारी कदम, दल्लीराजहराद-रावघाट रेल परियोजना दिसंबर तक होगी पूरी

रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा तबाही कुनार प्रांत में हुई है। कई गांवों में पूरे-के-पूरे घर जमींदोज हो गए। अल जजीरा के मुताबिक भूकंप के झटके पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांत तक महसूस किए गए। वहीं, भारत के गुरुग्राम में भी हल्के झटके दर्ज किए गए। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि देश के कई पूर्वी प्रांतों में गंभीर नुकसान हुआ है। हालांकि उन्होंने विस्तृत आंकड़े साझा नहीं किए हैं। प्रभावित क्षेत्र पहाड़ी इलाका है, जहां पहुंचना बेहद कठिन है। भूकंप के बाद लैंडस्लाइड होने से कई सड़कें बंद हो गई हैं। राहत दलों को पीड़ितों तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। (Afghanistan Earthquake 2025)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आपदा पर शोक जताया है। उन्होंने X पर लिखा कि इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हम घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं। भारत प्रभावित लोगों को हर संभव मानवीय सहायता और राहत प्रदान करने के लिए तैयार है। बता दें कि अफगानिस्तान भूकंप प्रभावित इलाका माना जाता है क्योंकि यह हिंदूकुश पर्वतमाला के पास स्थित है। यहां भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स मिलती हैं, जिससे लगातार हलचल बनी रहती है। अक्टूबर 2023 में पश्चिमी अफगानिस्तान में आए भूकंप में तालिबान सरकार ने 4000 मौतों का दावा किया था, जबकि संयुक्त राष्ट्र ने 1500 मौतों की पुष्टि की थी। (Afghanistan Earthquake 2025)

जून 2022 में पूर्वी अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में लगभग 1000 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा, अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा पर हर साल कई मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। भू-वैज्ञानिकों का कहना है कि हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र में लगातार हलचल और फॉल्ट लाइनों के सक्रिय रहने से भविष्य में भी बड़े भूकंप की आशंका बनी रहती है। यहां की कच्ची और कमजोर इमारतें बड़े खतरे का कारण बनती हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!