छत्तीसगढ़ में हत्या की चार वारदातों से सनसनी, जानिए कहां-कहां खेला गया खूनी खेल
Murders in Chhattisgarh: बिलासपुर से बलरामपुर तक अलग-अलग जिलों से हत्या के मामले सामने आए हैं। कहीं शराब के नशे में जान ली गई तो कहीं चरित्र पर संदेह मौत की वजह बनी। पहला मामला बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र का है, जहां निरतू गांव में 40 साल के शख्स का शव खून से लथपथ नीम के पेड़ के पास सीसी रोड पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान आवासपारा के रहने वाले कोमल खैरवार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू की। शव के पास खून फैला हुआ था और मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया।
यह भी पढ़ें:- भिलाई सेक्टर-5 में 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग और पैसों के लेन-देन का जिक्र
जांच के दौरान मृतक की बेटी ने पुलिस को बयान दिया कि गांव का भरत उर्फ छोटू सोनी ही उसके पिता का कातिल है। आरोप है कि आरोपी और मृतक दोनों ने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने डंडे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा मामला बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र का है, जहां मोतीपुर गांव की जोकनदी से एक अज्ञात शव बरामद हुआ। शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक के सिर और पीठ पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। (Murders in Chhattisgarh)
चरित्र संदेह में पत्नी की हत्या
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कसडोल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। इधर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कौडूटोला पिनकापार में 35 साल के देवेंद्र साहू ने अपनी पत्नी दामिनी साहू की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी झगड़ा बढ़ा और गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के गर्दन पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जंगल में छिप गया।
बलरामपुर में पैसे के लेन-देन में गई जान
थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं बलरामपुर जिले के बलंगी चौकी क्षेत्र में चार दिन पहले चपोता गांव की रेड नदी में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। युवक की पहचान के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली। जांच में सामने आया कि आरोपी ने मृतक से उधार में पैसे लिए थे। मृतक बार-बार पैसे की मांग कर रहा था, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या की योजना बनाई। आरोपी ने पहले चाकू से हमला किया और फिर गला दबाकर युवक की हत्या कर दी। (Murders in Chhattisgarh)
पुलिस ने सभी मामलों में की तुरंत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक वारदात को छिपाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और एक मोटर साइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आई इन चारों घटनाओं ने लोगों को दहला दिया है। कहीं शराब के नशे में विवाद ने जान ले ली तो कहीं शक और पैसों के लेन-देन ने हत्या का रूप ले लिया। हालांकि पुलिस ने हर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई जारी है। (Murders in Chhattisgarh)



