Google Analytics —— Meta Pixel

MP के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं, PCC चीफ दीपक बैज ने दिया समर्थन

Umang Singhar Statement: मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के एक बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। छिंदवाड़ा में आयोजित मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद की बैठक और राष्ट्रीय करमडार पूजा कार्यक्रम में सिंघार ने कहा कि गर्व से कहो हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं। आदिवासी समाज की अपनी संस्कृति, परंपरा और आस्था है। इतिहास गवाह है कि हम मूलवासी हैं। हमें अपनी मूल पहचान पर गर्व करना चाहिए। सिंघार ने शबरी का उदाहरण देते हुए कहा कि शबरी ने भगवान राम को बेर खिलाए थे और वो भी आदिवासी थीं। समाज को अपनी मूल पहचान नहीं भूलनी चाहिए। जैसे ही यह बयान सामने आया, देश और प्रदेश की राजनीति गरमा गई।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में हत्या की चार वारदातों से सनसनी, जानिए कहां-कहां खेला गया खूनी खेल

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार करते कहा कि सोनिया गांधी को खुश करने के लिए सिंघार ऐसे बयान दे रहे हैं, लेकिन हिंदुस्तान नाराज हो जाएगा। भारत का आदिवासी सनातन से जुड़ा है, कभी क्रॉस नहीं लगाएगा। बीजेपी सांसद गजेंद्र पटेल ने कहा कि संविधान में भी आदिवासी समाज हिंदू समाज का अभिन्न अंग माना गया है। सिंघार भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने बयान को राष्ट्रविरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज सनातन धर्म से जुड़ा है। सिंघार को अपना बयान वापस लेना चाहिए और समाज से माफी मांगनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने चुटकी लेते हुए कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में कहीं लिखा है क्या कि आदिवासी हिंदू नहीं हैं ? सभी आदिवासी सनातन धर्म का हिस्सा हैं। (Umang Singhar Statement)

PCC चीफ दीपक बैज ने किया समर्थन

इधर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सिंघार का बचाव करते हुए कहा कि पूरे देश में आदिवासी समाज अलग धर्म कोड की मांग कर रहा है। हमारा रहन-सहन, संस्कृति और जीवनशैली प्रकृति मूलक है, बिल्कुल अलग। कोरबा के आदिवासी नेता निर्मल राज ने भी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि हमारी जीवनशैली और पूजा-पद्धति प्रकृति पर आधारित है। आदिवासियों की आस्था को हिंदू धर्म से अलग मान्यता मिलनी चाहिए। विवाद के बाद सिंघार ने कहा ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति प्रकृति मूलक है। भाजपा और आरएसएस मनुवादी सोच से हमें हिंदू धर्म में मिलाना चाहते हैं, लेकिन हम प्रकृति पूजक हैं और अपनी परंपराओं के साथ खड़े हैं। छत्तीसगढ़ के बीजेपी प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। इसलिए वह अब आदिवासियों के अलग धर्म की मांग कर रही है, जो सरासर गलत है। (Umang Singhar Statement)

आदिवासी पहचान पर छिड़ी नई बहस 

बता दें कि भारत का संविधान आदिवासी धर्म को अलग से परिभाषित नहीं करता। अनुसूचित जनजाति की पहचान संविधान की धारा 342 के तहत होती है। आदिवासी अपनी पारंपरिक आस्था या हिंदू, ईसाई, बौद्ध जैसे धर्म अपना सकते हैं। जनगणना में अलग से आदिवासी धर्म का विकल्प नहीं है। ज्यादातर को हिंदू श्रेणी में दर्ज किया जाता है। 2011 की जनगणना में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और अन्य धर्म के विकल्प थे, लेकिन आदिवासी और जनजातीय धर्म का कॉलम नहीं था। छिंदवाड़ा से शुरू हुए उमंग सिंघार के बयान ने आदिवासी पहचान पर नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस इसे आदिवासियों के अधिकार और पहचान से जोड़ रही है तो बीजेपी इसे धर्म और राष्ट्र से खिलवाड़ बता रही है। अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह आदिवासी पहचान की लड़ाई है या फिर वोट बैंक की राजनीति ? (Umang Singhar Statement)

Back to top button
error: Content is protected !!