Google Analytics —— Meta Pixel

विदेश नीति में लगातार विफल साबित हो रहे PM नरेंद्र मोदी: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Kharge on GST Reforms: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने GST को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो भी गरीबों के लिए अच्छा होगा, हम उसके बारे में अच्छा बोलेंगे। गरीबों के नाम पर ये लोग वोट बटोरने के लिए लोगों को परेशान करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी से हमने 8 साल पहले यह सवाल उठाया था कि अगर GST के दो स्लैब होंगे तो गरीबों को फायदा होगा, लेकिन उन्होंने 4-5 स्लैब लाकर लोगों को लूटा, लेकिन अब चुनाव नजदीक हैं, उन्हें कुछ समस्याएं आईं, अमेरिका ने टैरिफ लगाए। हमारी नीति गुटनिरपेक्ष नीति थी। अगर उन्होंने पहले की तरह गुटनिरपेक्ष नीति जारी रखी होती, तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। नरेंद्र मोदी विदेश नीति में भी लगातार विफल साबित हो रहे हैं। आजादी के बाद से ही हमारे देश की पॉलिसी गुटनिरपेक्षता की रही है, अगर नरेंद्र मोदी उस राह पर चलते तो, सब कुछ ठीक रहता।

यह भी पढ़ें:- शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का हुआ सम्मान, शिक्षा को बताया मानव विकास की धुरी

इससे पहले 4 सितंबर को खड़गे ने कहा था कि लगभग एक दशक से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस GST के सरलीकरण की मांग कर रही है। मोदी सरकार ने वन नेशन वन टैक्स को 1 नेशन, 9 टैक्स बना दिया था, जिसमें 0%, 5%, 12%, 18%, 28% के टैक्स स्लैब शामिल थे और 0.25%, 1.5%, 3% और 6% की विशेष दरें थीं। कांग्रेस पार्टी ने अपने 2019 और 2024 के घोषणापत्रों में सरल और तर्कसंगत कर व्यवस्था के साथ GST 2.0 की मांग की थी। हमने GST के जटिल अनुपालन को भी सरल बनाने की माँग की थी, जिससे MSMEs और छोटे व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुए थे। 28 फरवरी 2005 को कांग्रेस-UPA सरकार ने लोक सभा में GST की औपचारिक घोषणा की थी। 2011 में जब तत्कालीन वित्त मंत्री प्रणब मुख़र्जी जी GST Bill लेकर आए तब भाजपा ने उसका विरोध किया था। जब मोदी जी मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने GST का घोर विरोध किया था। (Kharge on GST Reforms)

GST को “गब्बर सिंह टैक्स” का नाम दिया: खड़गे

खड़गे ने कहा कि आज यही भाजपा सरकार रिकॉर्ड GST संग्रह का जश्न मनाती है, जैसे कि आम जनता से टैक्स वसूलकर उसने कोई बहुत बड़ा काम किया हो। देश के इतिहास में पहली बार किसानों पर टैक्स लगाया गया है। इस मोदी सरकार ने कृषि क्षेत्र की कम से कम 36 वस्तुओं पर GST थोपा था। दूध-दही, आटा-अनाज, यहां तक कि बच्चों की पेन्सिल-किताबें, ऑक्सीजन, बीमा और हस्पताल के खर्च जैसी रोजमर्रा की चीज़ों पर भी मोदी सरकार ने GST टैक्स थोपा। इसीलिए हमने भाजपा के इस GST को “गब्बर सिंह टैक्स” का नाम दिया। कुल GST का दो-तिहाई यानी 64% हिस्सा गरीबों और मध्यम वर्ग की जेब से आता है, लेकिन अरबपतियों से केवल 3% GST वसूला जाता है, जबकि कॉरपोरेट कर की दर 30% से घटाकर 22% कर दी गई है। पिछले 5 साल में आयकर वसूली में 240% की वृद्धि हुई और GST वसूली में 177% की बढ़ोतरी हुई। (Kharge on GST Reforms)

सपा सांसद राजीव राय का तंज

उन्होंने कहा कि ये अच्छी बात है कि 8 साल देर से ही सही GST पर मोदी सरकार की कुम्भकर्णीय नींद खुली और उन्होंने जागकर दर युक्तिकरण की बात की है। सभी राज्यों को 2024-25 को आधार वर्ष मानकर 5 वर्षों की अवधि के लिए क्षतिपूर्ति दिया जाए, क्योंकि दरों में कटौती से उनके राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना तय है। GST के जटिल क्षतिपूर्ति को भी खत्म करना होगा, तभी सही मायने में MSMEs और छोटे उद्योगों को फायदा पहुंचेगा। खड़गे के बयान पर सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि अगर भाजपा का इतिहास देखा जाए तो ये हर चुनाव से पहले कुछ न कुछ जरूर लेकर आते हैं। 8 साल का समय बहुत ज्यादा होता है। चुनाव की वजह से जनता को थोड़ा-बहुत फायदा हुआ है। ये हर बार हारते जाएंगे। भाजपा नेता प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर कहा कि उन्हें शायद समझ नहीं है कि वैश्विक विषयों पर कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए, इसलिए वे इस तरह के हल्के बयान दे रहे हैं। कम से कम उन जैसे वरिष्ठ व्यक्ति से इस प्रकार के बयान की उम्मीद कम है। (Kharge on GST Reforms)

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का निशाना

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने GST में हुए सुधारों पर कहा कि राहुल गांधी ने बहुत पहले कह दिया था कि GST को लेकर सभी वर्गों के लोग बहुत परेशान हैं। गहलोत ने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी थी। कोरोना काल से लेकर नोटबंदी से लेकर, लगभग राहुल गांधी की हर भविष्यवाणी सच सिद्ध हुई है। मौका था सरकार के सामने, अगर वे GST को सही समय जांच लेते तो इतनी परेशानी नहीं होती। महंगाई के दौर में बहुत तकलीफ देखनी पड़ी। सरकार ने इसमें बहुत देरी कर दी, जब UPA की सरकार थी तब भाजपा सरकार ने GST का विरोध किया था। सरकार बदलने के बाद आनन-फानन में GST लागू की गई। जीएसटी सुधारों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि अब मुझे लगता है कि यह एक ज्यादा निष्पक्ष व्यवस्था है और हमें उम्मीद है कि यह सभी के लिए बेहतर होगी। कांग्रेस पार्टी में हम कई सालों से इसकी मांग कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे नेता चार दरों से कम से कम दो, या आदर्श रूप से एक, एक दिन करने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं, क्योंकि यह वास्तव में लोगों के साथ अन्याय है। जब चार दरें थीं, तो यह भ्रामक और कठिन था। लोग इससे खुश नहीं थे। इसलिए अब मुझे लगता है कि यह एक ज़्यादा निष्पक्ष व्यवस्था है और हमें उम्मीद है कि यह सभी के लिए बेहतर होगी। (Kharge on GST Reforms)

हमारी अर्थव्यवस्था को नुकसान होगा: अखिलेश

समाजवादी पार्टी प्रमुख और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए एक साल बचा है, अब तक उत्तर प्रदेश सरकार के 9 बजट देख चुके हैं, 10वां बजट देखना बाकी है, जब GST लागू हुआ था तो कहा गया था कि व्यापार बढ़ेगा, इस कानून के लागू होने से व्यापारी और कारोबारी अपने टैक्स का भुगतान कर सकेंगे। शायद ये पहला कानून है, जिसमें इतने संशोधन किए गए हैं, लेकिन इतने संशोधनों के बाद भी सरकार को इसमें फिर से संशोधन करना पड़ा और ये स्वीकार करना पड़ा कि गरीबों के जीवन में बदलाव लाने के लिए कानून में संशोधन करना ही होगा। सवाल ये है कि जब से GST लागू हुआ तब से लेकर अब तक सरकार ने किसे मुनाफा कमाने दिया, ये कौन लोग थे जो बेवजह मुनाफा कमा रहे थे ? स्लैब कम करने से महंगाई कम नहीं होगी। अमेरिका ने टैरिफ लगा दिए। इससे सारे निर्यात खत्म हो रहे हैं, इससे हमारी अर्थव्यवस्था को नुकसान होगा। मेक इन इंडिया बर्बाद हो रहा है, स्वदेशी का नारा सिर्फ जुबान में है, दिल में नहीं। (Kharge on GST Reforms)

राहुल गांधी को दिया श्रेय

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि GST सुधार की बात तो हमारे नेता और हम सांसद बहुत पहले से सदन में करते आए हैं। यह GST बड़े उद्योगपतियों को सामने रखते हुए लाया गया था ताकि उन्हें लाभ पहुंचाया जा सके। मध्यम वर्ग उस GST के कारण समाप्त हो गया, किसानों की कमर टूट गई, हालात बिगड़ते गए। लगातार GST में सुधार की बात हमारे नेता राहुल गांधी दोहराते रहे। आज इतने दिनों बाद इनकी निद्रा क्यों टूटी ? आपने वही बात मानी लेकिन पूरे देश को बर्बाद करने के बाद यह GST भी इनकी जुमलेबाजी ही होगी, जिस तरह से किसान आंदोलन को वापस लिया गया और फिर वादों को पूरा नहीं किया गया, उसी तरह यह भी चुनाव के बाद खत्म हो जाएगा। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने GST सुधार के ज़रिए दवाओं और जरूरी वस्तुओं में राहत दी है। GST के स्लैब कम किए गए हैं। इससे निश्चित रूप से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी। (Kharge on GST Reforms)

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल का पलटवार

पाल ने कहा कि मैं मौजूदा अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के समाधान के तौर पर इस कदम का स्वागत करता हूं। आज चाहे कितना भी दबाव क्यों न हो, भारत अपनी अर्थव्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। अब विपक्ष कल तक इसे गब्बर सिंह टैक्स कहता था और आज कहता है कि ये हमारे दबाव में किया गया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री की जो मध्यम वर्गीय परिवारों के प्रति निष्ठा है वह समय-समय पर दिखाई दी है। GST में सुधार करके मध्यम वर्गीय परिवारों को प्रधानमंत्री ने बहुत बड़ी राहत दी है। यह सुधार हमारे देश के 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में राहत बनकर आए हैं। 2014 से पहले टैक्स पर एक ऐसा मकड़जाल था, जिस कारण हर वस्तु पर कई तरह के कर लगाकर, साधारण परिवार पर दबाव डाला गया था। प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री ने जिस तरह से GST में सुधार किया है, उससे हमारे जन-जन के जीवन पर प्रभाव पड़ेगा। रोटी, कपड़ा और मकान, तीनों पर टैक्स का दबाव कम हुआ है।

जनता को बड़ी राहत मिलेगी: शिवराज

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह प्रधानमंत्री का एक बहुत ही महत्वपूर्ण फैसला है। आगामी 22 तारीख यानी नवरात्रि का पहला दिन, सभी मध्यम वर्गीय परिवारों और देश के सभी 140 करोड़ देशवासियों के लिए नई खुशी लेकर आएगा। GST में सुधार से देश की आर्थिक उन्नति में भी बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। वर्तमान में हमारी देश की GDP 330 लाख करोड़ की है, जिसमें से हमारे 202 लाख करोड़ का उपभोग है। अगर GST की इस छूट के बाद हमारा उपभोग 10% भी बढ़ता है तो 20 लाख करोड़ का अतिरिक्त उपभोग देश में आता है। यह अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि उपभोग बढ़ने पर यह रोजगार को बढ़ाएगा और हमारी अन्य आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। इसका सकारात्मक आर्थिक प्रभाव देखने को मिलेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से कहा था कि GST में नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म लाया जाएगा और इससे जनता को बड़ी राहत मिलेगी। एक किसान और कृषि मंत्री होने के नाते मैं प्रधानमंत्री का धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं। (Kharge on GST Reforms)

गब्बर सिंह टैक्स वालों ने यू-टर्न ले लिया: शिवराज

शिवराज ने कहा कि हमारा संकल्प है कि खेती में उत्पादन लागत कम हो और उत्पादन बढ़े। GST में जो सुधार किए गए हैं, अगर उन पर गौर करें तो किसानों को उनसे बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। चाहे कृषि उपकरण हों, ट्रैक्टर हों, हार्वेस्टर हों, GST जो घटाकर 5% कर दिया गया है, वह किसान के लिए वरदान साबित होगा। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हम भारत को एक सशक्त, समर्थ और समृद्ध देश बनाएंगे। आज 11 साल बाद पीछे मुड़कर देखें तो एक तरफ गरीब लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गईं, जिसका असर 30 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के रूप में देखा जा सकता है। हम चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं और तीसरी बनने की ओर अग्रसर हैं, GST का क्रियान्वयन इस यात्रा में एक मील का पत्थर रहा। अर्थव्यवस्था मजबूत हुई और GST परिषद ने इसे और सरल बनाया है। अधिकांश वस्तुओं पर GST कम या शून्य किया गया है, जो लोग इसे गब्बर सिंह टैक्स कहते थे और कहते थे कि हमारी सरकार आएगी तो हम इसे हटा देंगे, उन्होंने अब यू-टर्न ले लिया है और कहने लगे हैं कि हमारे नेता राहुल गांधी ने इसका सुझाव दिया था। राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी टिप्पणियां करना या हर चीज में राजनीतिक लाभ देखना उनके आचरण और चरित्र का हिस्सा है। (Kharge on GST Reforms)

Back to top button
error: Content is protected !!