Google Analytics —— Meta Pixel

पितृ पक्ष से शुरू हुआ था राम-रावण युद्ध, श्रीराम ने तीन स्थानों पर किया पिंडदान

पंडित यशस्वी योगेन्द्र शर्मा ज्योतिषाचार्य/ Pitru Paksha : हिंदू धर्म में पितृ पक्ष (Pitru Paksha) का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इन दिनों किए गए श्राद्ध और तर्पण से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है और उनका आशीर्वाद परिवार पर बना रहता है। रामायण में भी श्राद्ध परंपरा के कई प्रसंग मिलते हैं, जो इसके महत्व को दर्शाते हैं।

यह भी पढ़े :- पितृ पक्ष 2025: आज होगा दूसरा श्राद्ध, जानें द्वितीया तिथि का शुभ मुहूर्त, विधि और महत्व

दशरथ को संतान का आशीर्वाद

कथा के अनुसार, अयोध्या के राजा दशरथ के कोई संतान नहीं थी। गुरु वशिष्ठ की सलाह पर उन्होंने पितृ पक्ष में महालया श्राद्ध किया और कांची कामकोटि में मां कामाक्षी की पूजा की। इसके बाद ही उन्हें चार पुत्र – राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न – प्राप्त हुए।

मंदाकिनी तट पर पिंडदान

वनवास के दौरान जब भरत चित्रकूट पहुंचे और पिता दशरथ के निधन की सूचना दी, तो श्रीराम शोकाकुल हो गए। इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण ने मंदाकिनी नदी के तट पर दशरथ का पिंडदान किया। यही श्राद्ध परंपरा आगे चलकर पितृ पक्ष (Pitru Paksha) की आस्था का आधार बनी।

पुष्कर में श्राद्ध का चमत्कार

रामायण में वर्णन मिलता है कि श्रीराम, सीता और लक्ष्मण ने पुष्कर (राजस्थान) में भी दशरथ का श्राद्ध किया। इस दौरान सीता ने अपने नेत्रों से स्वर्ग से पिंडदान स्वीकार करने आए दशरथ, उनके पिता और दादा को देखा। यह प्रसंग पितरों की उपस्थिति और श्राद्ध की महत्ता को प्रमाणित करता है।

पितृ पक्ष से शुरू हुआ राम-रावण युद्ध

जब रावण ने सीता का हरण किया, तो युद्ध टालना असंभव हो गया। दक्षिणायन के पहले दिन, जो पितृ पक्ष का प्रारंभ था, श्रीराम ने अपने पितरों की पूजा कर पार्वण श्राद्ध किया और फिर युद्ध का आरंभ किया।

  • अमावस्या से एक दिन पहले लक्ष्मण ने मेघनाद का वध किया।
  • पितृ पक्ष की अमावस्या को रावण स्वयं युद्ध में उतरा।
  • पितरों और माता दुर्गा की कृपा से राम ने विजय प्राप्त की और नवमी के दिन रावण का वध हुआ।

गया में रेत से पिंडदान

श्राद्ध यात्रा के दौरान राम और सीता गया भी पहुंचे। यहां सीता ने फल्गु नदी के तट पर रेत से पिंड बनाकर दशरथ को अर्पित किया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। यह प्रसंग दर्शाता है कि श्राद्ध कर्म में भाव ही सबसे महत्वपूर्ण है, सामग्री गौण।

इस प्रकार रामायण में वर्णित प्रसंग बताते हैं कि श्राद्ध और पिंडदान की परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता और आशीर्वाद प्राप्त करने का माध्यम है।

यह लेख केवल सामान्य जानकारी और अध्ययन हेतु है। इसमें दी गई बातें पारंपरिक मान्यताओं, धार्मिक ग्रंथों, लोककथाओं व अन्य स्रोतों पर आधारित हो सकती हैं, जिनकी व्याख्या समय, स्थान और व्यक्ति अनुसार बदल सकती है। पाठक इसे अपने विवेक व श्रद्धा से ग्रहण करें और आवश्यक होने पर विद्वानों/गुरुजनों से परामर्श लें।

Back to top button
error: Content is protected !!