Google Analytics —— Meta Pixel

नेपाल के बाद अब फ्रांस में बवाल : मैक्रों सरकार के खिलाफ सड़कों पर आग और हिंसा

France Protests : नेपाल में हालिया विरोध प्रदर्शनों के बाद अब फ्रांस की सड़कों पर भी गुस्से (France Protests) की लपटें भड़क उठी हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ आज बुधवार सुबह शुरू हुए ‘ब्लॉक एवरीथिंग’ आंदोलन ने देशभर में हाईवे जाम कर दिए। जगह-जगह आगजनी, नारेबाजी और अफरा-तफरी का माहौल है। कई बसों को आग के हवाले कर दिया गया।

यह भी पढ़े :- उपराष्ट्रपति चुनाव में सीपी राधाकृष्णन की ऐतिहासिक जीत से NDA खुश, नेताओं ने दी अलग-अलग प्रतिक्रिया

सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बावजूद राजधानी पेरिस समेत बड़े शहरों में हालात बिगड़ गए। यह विद्रोह ऐसे समय पर हो रहा है जब फ्रांस की राजनीति पहले से ही संकट में है। संसद ने हाल ही में प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरू को विश्वास मत में हरा दिया, जिसके बाद मैक्रों को अपने कार्यकाल का पाँचवाँ प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू नियुक्त करना पड़ा।

ब्लॉक एवरीथिंग क्या है?

यह आंदोलन सामान्य विरोध नहीं है। इसकी शुरुआत दक्षिणपंथी समूहों ने की थी, लेकिन अब वामपंथ और अतिवामपंथी ताकतों ने इसे अपने कब्जे में ले लिया है।

प्रदर्शनकारियों का संदेश साफ है – “अगर सिस्टम काम नहीं करता, तो देश की मशीनरी को रोक दो।” इसी सोच के चलते उन्होंने हाईवे, शहरों और परिवहन तंत्र को ठप करने का ऐलान किया।

स्थिति को काबू में रखने के लिए सरकार ने 80,000 सुरक्षाबलों की तैनाती की है, जिनमें से 6,000 सिर्फ पेरिस में मौजूद हैं। फ्रांसीसी मीडिया के मुताबिक करीब 1 लाख लोग इन प्रदर्शनों में शामिल हो सकते हैं।

यलो वेस्ट आंदोलन की गूंज

न्यूज़ एजेंसी Reuters के अनुसार यह आंदोलन नया जरूर है, लेकिन 2018 के ‘यलो वेस्ट’ विद्रोह की याद दिला रहा है। उस समय ईंधन की कीमतों से नाराज़ जनता सड़कों पर उतरी थी और विरोध धीरे-धीरे राष्ट्रपति मैक्रों की नीतियों के खिलाफ बड़े जनांदोलन में बदल गया था। इस बार भी हालात कुछ वैसा ही दिख रहे हैं।

सड़कें जाम और गिरफ्तारियां

गृह मंत्री ब्रूनो रेटायो ने बताया कि बोर्डो में करीब 50 नकाबपोशों ने हाईवे ब्लॉक करने की कोशिश की। टूलूज़ में केबल में लगी आग से ट्रैफिक बाधित हुआ। पेरिस पुलिस ने अब तक 75 प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, जबकि विंसी कंपनी ने मार्से, मोंपेलिए, नांत और लियोन जैसे शहरों में ट्रैफिक पूरी तरह ठप होने की बात कही। (France Protests)

Back to top button
error: Content is protected !!