भूपेश बघेल को नगर निगम का नोटिस,भड़के पूर्व CM बोले – नोटिस अवैध, फिर भी भरूँगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। रायपुर नगर निगम ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को संपत्ति कर का नोटिस जारी किया है। यह नोटिस उनके पुराने सरकारी आवास पाटन सदन के लिए भेजा गया है, जो अब मौजूदा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आधिकारिक आवास कुनकुरी सदन बन चुका है। निगम ने बघेल से ₹7,258 संपत्ति कर जमा करने को कहा है।
यह भी पढ़े :- पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में राजधानी रायपुर में 13 सितम्बर को प्रादेशिक संगोष्ठी
आमतौर पर सरकारी आवास पर संपत्ति कर नहीं लगाया जाता, लेकिन इसके बावजूद नोटिस जारी होने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
भूपेश बघेल का तंज
नोटिस मिलने के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चुटकी ली। उन्होंने लिखा –
“मैं माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी को ₹7,258 अदा करने का वचन देता हूँ! वैसे तो शासकीय आवास में संपत्ति कर नहीं लगता, फिर भी जिस पाटन सदन को मैंने पौने दो साल पहले खाली कर दिया था, आज विष्णुदेव सरकार ने मुझे नोटिस भेजा है। भले ही यह नोटिस अवैध हो, लेकिन मैं मुख्यमंत्री जी की इच्छा पूरी करूँगा। अच्छा है कि वे भी तैयार रहें क्योंकि उनकी सरकार ‘कुनकुरी सदन’ का भी टैक्स मांगेगी!”



