कोरबा के बनखेता गांव की आंगनबाड़ी में बच्चों से धुलवाए गए जूठे बर्तन, लचर व्यवस्था हुई उजागर

Bankheta Anganwadi of Korba: कोरबा के बनखेता गांव स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूल से पहले शिक्षा और सुपोषण के लिए आने वाले नन्हें बच्चों को जूठे बर्तन धोते हुए देखा गया। जानकारी के मुताबिक आंगनबाड़ी सहायिका की अनुपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बच्चों से जूठे बर्तन धुलवाए है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। घटना सामने आते ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घबरा गई और अपना बचाव करने लगी। इस घटना ने जिले में आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- 16 साल की छात्रा ने लगाई फांसी, परिजनों ने बॉयफ्रेंड पर लगाया ‘लव जिहाद’ में फंसाने का आरोप
वहीं पूरे मामले पर सफाई देते हुए परियोजना अधिकारी ममता तुली ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का बचाव किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिका दो दिनों की छुट्टी पर थी और कार्यकर्ता केंद्र में अकेली थी। बच्चे खाने के बाद हाथ धोने गए और उसी दौरान उन्होंने नीचे रखे बर्तनों से खेलना शुरू कर दिया। उसी का वीडियो बनाया गया है, जिसे गलत तरीके से पेश किया गया है। बता दें कि आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य 0 से 6 साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और विद्यालय पूर्व शिक्षा प्रदान करना है। इसके अंतर्गत बच्चों को अनुपूरक पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वास्थ्य शिक्षा और विद्यालय पूर्व शिक्षा दी जाती है। साथ ही इन केंद्रों का उद्देश्य कुपोषण और बाल मृत्यु दर को कम करना भी है। (Bankheta Anganwadi of Korba)
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह मामला सामने आने के बाद यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या वास्तव में आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की देखभाल और शिक्षा पर उतना ध्यान दिया जा रहा है, जितना होना चाहिए ? क्या प्रशासनिक निगरानी पर्याप्त है ? बच्चों से सफाई जैसे काम करवाना न सिर्फ नैतिक रूप से गलत है, बल्कि उनके अधिकारों का उल्लंघन भी है। यह मामला अब जांच के घेरे में आ गया है और जिला प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करती है। (Bankheta Anganwadi of Korba)



