13 साल बाद इंसाफ: सुयश हॉस्पिटल की लापरवाही साबित, 15 लाख मुआवजा देने का आदेश

रायपुर। राजधानी के कोटा स्थित सुयश हॉस्पिटल में 2010 में हुई एक मरीज की मौत के मामले में उपभोक्ता आयोग ने 13 साल बाद बड़ा फैसला सुनाया। आयोग ने अस्पताल को लापरवाह ठहराते हुए मृतक की पत्नी को 15 लाख रुपए (6% वार्षिक ब्याज सहित) मुआवजा, 1 लाख रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 10 हजार रुपए वाद व्यय देने का आदेश दिया।
यह भी पढ़े :- Asia Cup 2025: टीम इंडिया के कोच ने पाकिस्तान मैच पर तोड़ी चुप्पी, कहा – BCCI जो कहेगा वही करेंगे

मामला क्या था?
हिमांशु सोनी साल 2008 में सड़क हादसे के बाद पैरों की कमजोरी और पेशाब नली की समस्या से पीड़ित थे। दिसंबर 2010 में उन्हें सुयश हॉस्पिटल में भर्ती किया गया और लेजर सर्जरी की गई। अस्पताल ने उन्हें स्वस्थ बता कर डिस्चार्ज कर दिया।
लेकिन 26 दिसंबर को हालत बिगड़ने पर जब परिवार ने उन्हें फिर से अस्पताल लाया, तो इंजेक्शन देने के बाद उनकी स्थिति और गंभीर हो गई और अंततः मौत हो गई। परिवार ने इसे अस्पताल की गंभीर लापरवाही बताते हुए उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराई।
अस्पताल का दावा और सच्चाई
अस्पताल ने दावा किया कि मरीज मृत अवस्था में लाया गया और कोई इंजेक्शन नहीं दिया गया। लेकिन प्रतिपरीक्षण में डॉक्टरों ने माना कि इंजेक्शन देकर पुनर्जीवन का प्रयास किया गया था। इसके अलावा, अस्पताल ने आवश्यक सीसीटीवी फुटेज, विजिटर रजिस्टर और दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए, जो लापरवाही को स्पष्ट करता है।
आयोग का फैसला
जिला उपभोक्ता आयोग ने पहले ही मृतक की पत्नी हिना सोनी के पक्ष में फैसला सुनाया था। अस्पताल ने इसे चुनौती दी, लेकिन राज्य उपभोक्ता आयोग ने अपील खारिज कर दी और निचली अदालत का आदेश बरकरार रखा।
परिजन की प्रतिक्रिया
फैसले के बाद हिना सोनी ने कहा, “लंबे समय बाद हमें न्याय मिला। यह निर्णय उन परिवारों के लिए भी संदेश है जो अस्पतालों की लापरवाही का शिकार होते हैं।”



