प्रधानमंत्री मोदी के मणिपुर दौरे पर सियासत तेज, विपक्ष के नेताओं ने साधा निशाना, सत्ता पक्ष ने किया पलटवार

Opposition on PM Manipur Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मणिपुर दौरे को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस पर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मणिपुर का मुद्दा लंबे समय से चल रहा है। यह अच्छी बात है कि वे वहां गए, लेकिन देश में मुख्य मुद्दा ‘वोट चोरी’ का है। हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनावी जनादेश चुराए गए। हर जगह लोग ‘वोट चोर’ कह रहे हैं। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि उनका रोड शो उन्हीं सड़कों पर हुआ, जहां महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था। जब महिलाओं को इन सड़कों पर परेड कराई जा रही थी, उस समय प्रधानमंत्री मोदी कहां थे ? जब मणिपुर को हमदर्दी की जरूरत थी, तब प्रधानमंत्री मोदी कहां थे ? मणिपुर के दिल में गुस्सा है।
यह भी पढ़ें:- मणिपुर दौरे पर PM नरेंद्र मोदी, कहा- किसी तरह की भी हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण, शांति का रास्ता चुनें
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मुझे खुशी है कि उन्होंने 2 साल बाद फैसला किया है कि यह दौरा उनके लिए सार्थक है। उन्हें बहुत पहले ही दौरा कर लेना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने वहां जो कुछ भी हो रहा था उसे इतने लंबे समय तक होने दिया। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वहां जाने में बहुत देर कर दी है। मणिपुर का मुद्दा जल्द से जल्द सुलझाया जाना चाहिए, क्योंकि यह लंबे समय से चल रहा है। RJD नेता मनोज कुमार झा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मणिपुर जाने में बहुत लंबा समय लग गया। मणिपुर के लोगों को मरहम की जरूरत है।

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सब गंवाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी को मणिपुर याद आ रहा है। मणिपुर की बेटी तड़पती रही तब इन्हें मणिपुर याद नहीं आया। ये सामाजिक वातावरण को सही नहीं होने देते। जब तक कांग्रेस रही तब तक पूरा देश एक रहा है और जब से आप आए तब से देश में आंतरिक झगड़ा बढ़ गया। यह सही नहीं है। इस पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि ये लोग कभी भी कुछ भी बोल देते हैं। ये पहले कहते थे कि प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर क्यों नहीं जाते हैं ? अब प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर गए तो राहुल गांधी कह रहे हैं कि मणिपुर से ज्यादा बड़ा मुद्दा वोट चोरी का है। इन लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं है।

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा नॉर्थ ईस्ट के लोगों को प्राथमिकता देते आए हैं। हम सभी को निर्देश दिए जाते हैं कि कुछ महीने बाद नॉर्थ ईस्ट जाइए। पहले नॉर्थ ईस्ट की क्या स्थिति थी और आज नॉर्थ ईस्ट पर्यटन का एक केंद्र बन गया है। नॉर्थ ईस्ट भारत के विकास में एक बड़ा योगदान है। त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने कहा कि मणिपुर में स्थिति बहुत अच्छी है। प्रधानमंत्री 22 सितंबर को त्रिपुरा भी आ रहे हैं। दुनिया में 51 शक्तिपीठ हैं और इन्हीं शक्तिपीठों में से एक त्रिपुरा स्थित माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर है। हमने प्रधानमंत्री की इच्छा के अनुसार वहां इसका विकास किया है। वह इसका उद्घाटन भी करेंगे और वहां माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा भी करेंगे। हमने देखा है कि आज तक किसी भी प्रधानमंत्री को पूर्वोत्तर की इतनी चिंता नहीं रही। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी 60 से ज्यादा बार पूर्वोत्तर जा चुके हैं।

बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के पटल पर पूरे देश को आगे बढ़ाया है, जिन इलाकों में विकास नहीं पहुंचा, उनको भी विकास की कड़ी से जोड़कर मुख्यधारा में लाने का काम किया है। वो मानते हैं कि नॉर्थ-ईस्ट का विकास निश्चित रूप से देश के विकास में अहम भूमिका रखता है। मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान अतिवृष्टि होने के बावजूद जनसैलाब देखने को मिला। हम आशा करते हैं कि प्रधानमंत्री के इस दौरे के बाद मणिपुर विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी का मैं हृदय से स्वागत करता हूं और उनका अभिनंदन करता हूं। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जी एक राष्ट्र के भाव को साकार करने में लगे हुए हैं। मणिपुर में कई विकासवादी कार्यों की शुरुआत हुई है। यह प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का संदेश है कि हमारे लिए देश का कोना-कोना 2047 के पहले विकसित कर देना है।

भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मन में हर क्षेत्र का विकास सर्वोपरि रहता है। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 26 मई 2014 से लगातार उत्तर-पूर्व विकास की नई गाथा लिख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर-पूर्व को विकास का द्वार मानकर नई-नई योजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री मोदी पल-पल भारत के कण-कण के विकास में लगा रहे हैं। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को नॉर्थ-ईस्ट के विकास की रफ्तार पच नहीं रही है। भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर में हजारों करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का उद्घाटन किया है। क्या विपक्ष को यह पसंद नहीं आ रहा है ? कब जाना है, कहां जाना है और कब नहीं जाना है, ये सब नीतिगत मामले हैं। विपक्ष को वहां हजारों करोड़ रुपए की परियोजना के उद्घाटन से खुश होना चाहिए।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने किया पलटवार
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरे विश्व में अपनी धाक जमा रहा है, यह साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। उनकी यही लोकप्रियता कांग्रेस और विपक्षी दलों को हजम नहीं होती है क्योंकि उनके पास कोई एजेंडा नहीं है। लिहाजा उनके पास केवल एक ही काम है, आलोचना करना लेकिन उनकी आलोचनाओं से विकास की गति रुकने वाली नहीं है, इस बात को विपक्षी दलों को अच्छे से समझ लेना चाहिए। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व में भारत के विकास को कहां से कहां तक लेकर आए हैं। विपक्ष के नेता कुछ नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए ऐसी बात बोल रहे हैं।



