Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव होंगे IAS विकासशील गुप्ता, अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 सितंबर को खत्म

IAS Vikassheel Gupta: छत्तीसगढ़ को जल्द नया मुख्य सचिव मिलने वाला है। दरअसल, 1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी विकासशील गुप्ता राज्य के अगले मुख्य सचिव बनने जा रहे हैं। वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 सितंबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में विकासशील का नाम लगभग पक्का हो गया है। विकासशील एशियन डेवलपमेंट बैंक मनीला (ADB) में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे। जनवरी 2024 में उन्हें भारत सरकार ने तीन साल की अवधि के लिए वहां भेजा था, लेकिन डेढ़ साल पूरा होने से पहले ही उन्हें छत्तीसगढ़ लौटने के लिए रिलीव कर दिया गया। 12 सितंबर को भारत सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने ADB को पत्र लिखकर विकासशील की वापसी का अनुरोध किया था। इसके बाद उनकी जगह नए कार्यकारी निदेशक की नियुक्ति भी हो गई। उनका फेयरवेल भी हो चुका है। अब वे अगले हफ्ते रायपुर लौट सकते हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के लिए येलो अलर्ट, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना

विकासशील की पत्नी और 1994 बैच की ही IAS अधिकारी निधि छिब्बर नीति आयोग में एडवाइजर पद पर थीं। उन्हें मई 2025 में नीति आयोग के विकास निगरानी और मूल्यांकन कार्यालय का महानिदेशक बनाया गया था। अब वे भी नीति आयोग से रिलीव होकर छत्तीसगढ़ लौट रही हैं। पति-पत्नी दोनों ACS लेवल के अधिकारी हैं और 2016 से केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर थे। (IAS Vikassheel Gupta)

अमिताभ जैन का कार्यकाल खत्म

वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल इस महीने खत्म हो रहा है। वे 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन केंद्र ने उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार दिया था। यह एक्सटेंशन 30 सितंबर को खत्म हो रहा है। माना जा रहा है कि उनके रिटायरमेंट के बाद उन्हें राज्य का मुख्य सूचना आयुक्त बनाया जा सकता है। (IAS Vikassheel Gupta)

विकासशील का प्रशासनिक करियर

  • 10 जून 1969 को उत्तर प्रदेश जन्म।
  • बीई और एमई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग।
  • 4 सितंबर 1994 को IAS सेवा ज्वॉइन की।
  • शुरू में मध्यप्रदेश कैडर मिला, लेकिन नवंबर 2000 में राज्य के गठन के बाद छत्तीसगढ़ कैडर मिला।
  • जांजगीर, कोरिया, बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टर रहे।
  • स्कूल शिक्षा, खाद्य, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में सचिव पद पर काम किया।
  • केंद्रीय प्रतिनियुक्ति 2018 से- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव, जल शक्ति मंत्रालय में जल जीवन मिशन के अतिरिक्त सचिव एवं मिशन निदेशक के रूप में काम किया।
  • ADB मनीला में जनवरी 2024 से सितंबर 2025 तक कार्यकारी निदेशक पद पर काम किया।
  • मार्च 2025 में भारत सरकार में सचिव-ग्रेड के लिए एंपैनल।

शैक्षणिक उपलब्धी

विकासशील ने अमेरिका के सिरैक्यूज विश्वविद्यालय से मास्टर, एग्जीक्यूटिव मास्टर ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट एंड पॉलिसी में एडवांस स्टडी सर्टिफिकेट किया है। (IAS Vikassheel Gupta)

13वें मुख्य सचिव होंगे विकासशील

छत्तीसगढ़ गठन (2000) के बाद अब तक 12 मुख्य सचिव रहे हैं। विकासशील इस सूची में 13वें मुख्य सचिव होंगे।

पूर्व मुख्य सचिवों की सूची

  • अरुण कुमार (2000-2003)
  • एस.के. मिश्रा (2003-2004)
  • ए.के. विजयवर्गीय (2004-2005)
  • आर.पी. बागी (2005-2007)
  • शिवराज सिंह (2007-2008)
  • पी. जॉय उमेन (2008-2012)
  • सुनील कुमार (2012-2014)
  • विवेक ढांड (2014-2018)
  • अजय सिंह (2018-2019)
  • सुनील कुजूर (2019)
  • आर.पी. मंडल (2019-2020)
  • अमिताभ जैन (2020-2025)

छत्तीसगढ़ के नौकरशाही गलियारों में कई दिनों से चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। विकासशील गुप्ता का मुख्य सचिव बनना तय माना जा रहा है। केंद्र से समयपूर्व बुलावे और ADB से रिलीव होना इस बात का साफ संकेत है कि राज्य सरकार उनके अनुभव और वरिष्ठता का लाभ प्रशासन के सर्वोच्च पद पर लेने जा रही है। (IAS Vikassheel Gupta)

Back to top button
error: Content is protected !!