Google Analytics —— Meta Pixel

UP में छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रेलर से टकराई, 4 लोगों की मौत, 9 गंभीर

Road Accident in Jaunpur: UP के जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर के पास वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी एक AC बस ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में सभी छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे, जो अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए निकले थे। SP कौस्तुभ ने बताया कि बस के आगे ट्रेलर चल रहा था। ओवरटेक के दौरान बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन तेज रफ्तार में ट्रेलर से जा टकराया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव होंगे IAS विकासशील गुप्ता, अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 सितंबर को खत्म

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का केबिन बुरी तरह पिचक गया। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हाईवे पर कुछ देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाया। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं ट्रेलर चालक से पुलिस पूछताछ कर रही है। हादसे में बस चालक दीपक (40), आशा भावल (38), रेखा बर्निक (40) और गुलाब (35) की मौत हो गई। 9 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में सवार श्रद्धालु ने बताया कि करीब 50 लोगों का ग्रुप 7 सितंबर को छत्तीसगढ़ से निकला था। यात्रा में अमरकंटक, मैहर देवी, चित्रकूट, वृंदावन और अयोध्या के दर्शन किए गए। (Road Accident in Jaunpur)

सीट और खिड़कियों के बीच फंसे थे कई यात्री

उन्होंने बताया कि रविवार को रामलला के दर्शन के बाद ग्रुप काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना हुआ था। रात का खाना खाने के बाद सभी यात्री बस में सो गए थे। इसी दौरान रात करीब 3 बजे यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद कई यात्री सीट और खिड़कियों के बीच फंस गए थे। मृतिका आशा भावल के पति उपन ने बताया कि हम परिवार समेत धार्मिक यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद पत्नी बस की खिड़की और सीट के बीच बुरी तरह फंसी हुई थी। उसे खून से लथपथ हालत में देखकर मैं टूट गया। मेरे दो बच्चे हैं और बेटी की शादी होने वाली है। अब मैं उन्हें क्या जवाब दूंगा ? पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया जा सकता है। हादसे की वजह ड्राइवर की लापरवाही और ओवरटेकिंग बताई जा रही है। (Road Accident in Jaunpur)

Back to top button
error: Content is protected !!