छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: चैतन्य बघेल पर 1000 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
ईडी की 7 हजार पन्नों की चार्जशीट में ‘बिग बॉस’ वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़े सबूत

Chhattisgarh liquor scam : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले (Chhattisgarh liquor scam) में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद अब आर्थिक अपराध शाखा (EOW) भी उन्हें रिमांड में लेने की तैयारी कर रही है।
यह भी पढ़े :- सफलता की कहानी : पक्का आशियाना मिलने से खिले चेहरे
15 सितंबर को ईडी ने इस मामले में 7 हजार से अधिक पन्नों की पांचवीं पूरक चार्जशीट दाखिल की है। इसमें चैतन्य बघेल पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। आरोपपत्र के अनुसार, इस सिंडिकेट को चलाने के लिए ‘बिग बॉस’ नामक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया गया था, जिसमें करोड़ों की डीलिंग से जुड़े चैट और कॉल डिटेल्स ईडी को मिले हैं।
चार्जशीट में दावा किया गया है कि चैतन्य इस पूरे सिंडिकेट का मास्टरमाइंड था। उसने करीब 200 करोड़ रुपये सीधे खुद कमाए, जबकि 850 करोड़ रुपये तत्कालीन कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए गए।
पूछताछ में दुर्ग-भिलाई के शराब कारोबारी और बघेल परिवार के करीबी माने जाने वाले लक्ष्मी नारायण उर्फ पप्पू बंसल ने भी बड़ा खुलासा किया। उन्होंने माना कि चैतन्य के साथ मिलकर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश मैनेज किया गया। बंसल ने स्वीकार किया कि सिर्फ तीन महीने में ही उन्हें 136 करोड़ रुपये मिले, जिन्हें कांग्रेस नेताओं तक पहुंचाया गया।
ईडी के मुताबिक, चैतन्य ने इस ब्लैक मनी को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश कर वैध दिखाने की कोशिश की। इसमें ‘विठ्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट’ और ‘बघेल डेवलपर्स एंड एसोसिएट्स’ का नाम सामने आया है। दस्तावेजों में दिखाए गए खर्च और वास्तविक खर्च में भारी अंतर पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि एक ठेकेदार को 4.2 करोड़ रुपये कैश में भुगतान किया गया, जिसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। इसी प्रोजेक्ट में त्रिलोक सिंह ढिल्लों के नाम से 19 फ्लैट खरीदे गए, लेकिन भुगतान अन्य माध्यम से किया गया। ईडी का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क ब्लैक मनी को वैध बनाने की सुनियोजित साज़िश था। (Chhattisgarh liquor scam)



