Google Analytics —— Meta Pixel

आस्था या कारोबार ? बिलासपुर में गरबा-डांडिया आयोजन पर उठे सवाल, 2 लाख तक में मिल रहा VIP टिकट

Bilaspur Dandiya Event: छत्तीसगढ़ में नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर इस बार धार्मिक आस्था से ज्यादा कारोबार का पहलू चर्चा में है। प्रदेश समेत बिलासपुर में हो रहे इन आयोजनों ने करोड़ों का कारोबार खड़ा कर दिया है। खास बात यह है कि बिलासपुर में चल रहे जलसा डांडिया जैसे आयोजनों में VIP टिकट की कीमत 2 लाख, 1.5 लाख और 1 लाख रुपए तक रखी गई है। इसको लेकर अब निगम और प्रशासन के जिम्मेदार सवाल उठा रहे हैं। बिलासपुर में इस बार नवरात्रि का रंग सिर्फ भक्ति में नहीं, बल्कि बिजनेस और राजनीति में भी चढ़ा है।

यह भी पढ़ें:- कुत्ते‑बिल्ली की लड़ाई ने तोड़ दिया 7 जन्मों का रिश्ता !, तलाक की दहलीज पर IT इंजीनियर कपल

नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने इन आयोजनों को आस्था के नाम पर व्यवसाय बताया। उन्होंने कहा कि देर रात तक चलने वाले इन कार्यक्रमों से महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता है। सोनी ने सवाल उठाया कि अगर कोई हादसा हो गया तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा ? उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आयोजनों के समय की सीमा तय की जाए। (Bilaspur Dandiya Event)

अब ये गरबा नहीं, बिजनेस है: MIC मेंबर

मेयर इन काउंसिल (MIC) मेंबर और पार्षद विजय ताम्रकार ने गरबा-डांडिया नाइट्स को साफ तौर पर व्यवसाय करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजक बड़े पैमाने पर बॉलीवुड सेलिब्रिटी बुलाकर लाखों की VIP टेबल्स बेच रहे हैं। ताम्रकार ने कहा कि यह अब धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि रेट कार्ड वाला बिजनेस बन चुका है। उन्होंने साथ ही यह भी आरोप लगाया कि आयोजनों में GST की भारी हेरफेर हो रही है और जिला प्रशासन- जीएसटी विभाग को तत्काल जांच करनी चाहिए। (Bilaspur Dandiya Event)

हर आयोजन की होगी जांच: जीएसटी विभाग

पूरे मामले पर बिलासपुर GST के उपायुक्त एम.के. धनेलिया ने कहा है कि शहर में हो रहे सभी बड़े गरबा-डांडिया इवेंट्स की पूछताछ और जांच शुरू की जाएगी। आयोजकों से सेलिब्रिटी को दिए गए भुगतान, VIP टेबल्स की बिक्री, GST रजिस्ट्रेशन और टैक्स भुगतान का ब्योरा मांगा जाएगा। धनेलिया ने माना कि उन्हें इन आयोजनों में संभावित गड़बड़ी की जानकारी मीडिया के जरिए मिली, जिसके आधार पर अब कार्रवाई होगी। प्रदेशभर से आए आयोजक सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए बड़े पैमाने पर टिकट और पैकेज बेच रहे हैं, लेकिन अधिकांश आयोजनों में न तो मनोरंजन कर जमा किया गया है और न ही GST की पारदर्शी बिलिंग दिखाई दे रही है। ऐसे में सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। (Bilaspur Dandiya Event)

भव्य आयोजन, लेकिन निगरानी कम

छत्तीसगढ़ में इस बार गरबा-डांडिया इवेंट्स पहले से ज्यादा भव्यता और बड़े पैमाने पर आयोजित हो रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक निगरानी की कमी से आयोजनों में टैक्स नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। अब जबकि निगम और GST विभाग की नजर इस पर गई है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। (Bilaspur Dandiya Event)

Back to top button
error: Content is protected !!