PM Modi Mann Ki Baat : पीएम मोदी बोले – छठ महापर्व को मिलेगा UNESCO की सूची में स्थान
PM Modi Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (28 सितंबर) को ‘मन की बात’ (PM Modi Mann Ki Baat) के 126वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व को लेकर बड़ा ऐलान किया। पीएम ने कहा कि भारत सरकार छठ पूजा को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़े :- छात्राओं के यौन शोषण और 20 करोड़ के गबन का आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती गिरफ्तार
मोदी ने कहा, “छठ पूजा दिवाली के बाद आने वाला पवित्र पर्व है। सूर्य देव को समर्पित इस महापर्व की भव्यता और दिव्यता अद्वितीय है। जब यह त्योहार यूनेस्को की सूची में शामिल होगा, तो पूरी दुनिया इसकी महिमा को समझेगी और अनुभव करेगी।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले कोलकाता की दुर्गा पूजा भी भारत के प्रयासों से यूनेस्को की सूची में शामिल की गई थी।
नारीशक्ति और उपलब्धियों का ज़िक्र
नवरात्रि के संदर्भ में पीएम मोदी ने देश की बेटियों की उपलब्धियों को सराहा। उन्होंने कहा कि बिज़नेस, खेल, शिक्षा और विज्ञान—हर क्षेत्र में नारीशक्ति परचम लहरा रही है।
भगत सिंह और लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि
मन की बात में पीएम मोदी ने अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका साहस और निर्भीकता युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा रही है। साथ ही उन्होंने भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती पर भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि लता दीदी के गीत भारतीय संस्कृति और भावनाओं का जीवंत प्रतीक हैं।
खादी को बढ़ावा देने की अपील
प्रधानमंत्री ने खादी के बढ़ते चलन पर खुशी जताई और कहा कि बीते 11 वर्षों में खादी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। उन्होंने आग्रह किया कि लोग आगामी 2 अक्टूबर को खादी उत्पाद अवश्य खरीदें और गर्व से कहें—“ये स्वदेशी है। (PM Modi Mann Ki Baat)



