लद्दाख की दबाई जा रही आवाज, BJP-RSS के निशाने पर संस्कृति और परंपराएं: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी
Rahul Gandhi on Ladakh: लद्दाख में 24 सितंबर को हुई हिंसा के बाद से स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है, जिसकी वजह से प्रशासन ने BNSS, 2023 की धारा 163 के तहत जिले में धारा 144 लागू कर रखी है। इस आदेश के तहत पांच या ज्यादा व्यक्तियों के एकत्र होने, जुलूस, रैली और मार्च पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। सुरक्षाबलों की भारी तैनाती की गई है। इस बीच लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि लद्दाख के अद्भुत लोग, संस्कृति और परंपराएं भाजपा और आरएसएस के निशाने पर हैं।
यह भी पढ़ें:- नारायणपुर के कन्या छात्रावास की बड़ी लापरवाही, अकेले बारिश में नाला पार करते दिखी छात्राएं
उन्होंने कहा कि लद्दाखियों ने आवाज उठाई। भाजपा ने जवाब में चार युवकों की हत्या कर दी और सोनम वांगचुक को जेल में डाल दिया। हत्या बंद करो। हिंसा बंद करो। धमकी बंद करो। लद्दाख को आवाज दो। उन्हें छठी अनुसूची दो। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लद्दाख में सरकार की ओर से स्थिति से निपटने में की गई दयनीयता और उसके बाद सोनम वांगचुक की कठोर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती है। इस संकट की जड़ में भाजपा की ओर से लद्दाख के लोगों की आकांक्षाओं के साथ लगातार किया जा रहा विश्वासघात है।
खड़गे ने मोदी सरकार को घेरा
खड़गे ने कहा कि पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से वहां उथल-पुथल मची हुई है और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की लोगों की मांग को धैर्यपूर्वक सुनने के बजाय, मोदी सरकार हिंसा का जवाब दे रही है। भाजपा ने इस क्षेत्र को छठी अनुसूची का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन दुर्भाग्य से उस वादे को पूरी तरह से नकार दिया गया है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लद्दाख में शांति के अलावा कुछ नहीं चाहती। दशकों से हमने यह सुनिश्चित किया है कि यह खूबसूरत सीमावर्ती क्षेत्र सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित रहे, लोकतंत्र की भावना और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों को कायम रखते हुए। हम चार निर्दोष युवकों की मौत और कई अन्य लोगों को हुई गंभीर चोटों की न्यायिक जांच की मांग करते हैं। लद्दाख में लोकतांत्रिक संस्थाओं और लोकतंत्र को पुनर्जीवित और बहाल करने की आवश्यकता है। (Rahul Gandhi on Ladakh)
वांगचुक को 26 सितंबर को किया गया था गिरफ्तार
बता दें कि हिंसा के लिए जिम्मेदार मानते हुए सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को 26 सितंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल में रखा गया है। इस बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंगमो ने उनके खिलाफ लगाए गए पाकिस्तान कनेक्शन के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वांगचुक ने हमेशा गांधीवादी तरीकों से आंदोलन किया है और 4 सितंबर की हिंसा के लिए CRPF जिम्मेदार है। गीतांजलि ने बताया कि वांगचुक की पाकिस्तान यात्राएं केवल जलवायु परिवर्तन सम्मेलनों में भाग लेने को लेकर थी। हिमालय के ग्लेशियर के पानी में हम भारत या पाकिस्तान नहीं देखते। दरअसल, लद्दाख के डीजीपी ने दावा किया था कि वांगचुक का संपर्क एक पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) से था, जिसे पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। (Rahul Gandhi on Ladakh)



