Google Analytics —— Meta Pixel

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े जारी, छत्तीसगढ़ में बुजुर्गों के खिलाफ अपराध में बढ़ोतरी

NCRB Report 2025: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने मंगलवार को साल 2023 के अपराध संबंधी आंकड़े जारी किए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ का नाम बुजुर्गों की हत्या दर के मामले में शीर्ष पर रहा है। NCRB के मुताबिक 2023 में छत्तीसगढ़ में वरिष्ठ नागरिकों की हत्या की सबसे ज्यादा 3.6 प्रतिशत दर दर्ज की गई, जो देश में सबसे ज्यादा है। इसके बाद अरुणाचल प्रदेश 3.1, मध्यप्रदेश-तमिलनाडु 2.7 के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं राष्ट्रीय औसत 1.2 दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें:- बिरनपुर कांड में गवाही से पहले चढ़ा सियासी पारा, CBI चार्जशीट बनी सियासत की नई चिंगारी

रिपोर्ट के मुताबिक 2023 में छत्तीसगढ़ में कुल 72 हत्या के मामले दर्ज हुए, जिनमें 73 बुजुर्गों की मौत हुई। यानी हर महीने औसतन छह वरिष्ठ नागरिकों की हत्या हो रही है। इसके अलावा, आकस्मिक मौतों के मामले में छत्तीसगढ़ तीसरे नंबर पर है। वर्ष 2023 में प्रदेश में कुल 16,011 आकस्मिक मौतें दर्ज हुईं, जिनमें 230 मौतें प्राकृतिक कारणों से और 15,781 अन्य कारणों से हुई हैं। वहीं आत्महत्या के मामलों में भी छत्तीसगढ़ तीसरे स्थान पर है। NCRB के इन आंकड़ों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

पूर्व PCC चीफ का निशाना

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि NCRB के आंकड़े साफ दर्शाते हैं कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। सरकार बुजुर्गों की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हुई है। हत्या, लूट और आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जो चिंता का विषय है। इस पर पलटवार करते हुए डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि धनेंद्र साहू को देख लेना चाहिए कब के आंकड़े है। विष्णुदेव साय की सरकार बनने के बाद अपराध पर नियंत्रण हुआ है। अपराधियों के घर बुलडोजर चल रहा है। कड़ी कार्रवाई हो रही है। डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि NCRB का यह डाटा हाल ही में जारी हुआ है। इसे गहराई से देखना और विश्लेषण करना जरूरी है। हम नए आंकड़ों का अध्ययन कर उचित कदम उठाएंगे। (NCRB Report 2025)

विशेषज्ञों ने दी राय

वहीं भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वृद्ध जनों के प्रति असहिष्णुता पूरे देश में बढ़ रही है, यह किसी एक राज्य का मामला नहीं है। सांसद ने कहा कि जरूरत इस बात की है कि बच्चों को संस्कार दिए जाएं ताकि वे बुजुर्गों का सम्मान और देखभाल करें। विशेषज्ञों का मानना है कि बुजुर्गों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और असुरक्षा के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें सामाजिक और आर्थिक कारक, मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक कलह तथा अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति शामिल हैं। विशेषज्ञ सुझाव देते हैं कि बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए विशेष नीतियां बनानी होंगी और समाज में उनकी गरिमा बनाए रखने के लिए जागरूकता बढ़ानी होगी। (NCRB Report 2025)

Back to top button
error: Content is protected !!