Google Analytics —— Meta Pixel

PoK में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता पर भारत ने जताई चिंता, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, चीन और रूस पर भी स्पष्ट किया रुख

Randhir Jaiswal on PoK: भारत ने पाकिस्तान पर पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में निर्दोष नागरिकों पर अत्याचार करने का गंभीर आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शनों की खबरें देखी हैं, जिनमें पाकिस्तानी सेना द्वारा निर्दोष नागरिकों पर की गई बर्बरता भी शामिल है। यह पाकिस्तान के दमनकारी रवैये और संसाधनों की लूट का नतीजा है। पाकिस्तान को उसके भयावह मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। बता दें कि PoK में बीते पांच दिनों से खाद्य सामग्री, बिजली और ईंधन पर सब्सिडी में कटौती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी हैं। अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में दशहरे पर खून की होली, अलग-अलग जिलों में हत्या की वारदात से फैली सनसनी

वहीं भारत ने बांग्लादेश के आरोपों को खारिज कर दिया है। दरअसल, बांग्लादेश के गृह सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी ने हाल ही में खगराछारी में हुई हिंसा के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम इन झूठे और निराधार आरोपों को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करते हैं। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है और बार-बार अपनी असफलताओं के लिए दूसरों पर दोष मढ़ने की कोशिश करती है। उसे आत्मनिरीक्षण करते हुए चटगांव के पहाड़ी क्षेत्रों में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा, आगजनी और भूमि हड़पने की घटनाओं की जांच करनी चाहिए। (Randhir Jaiswal on PoK)

अफगान विदेश मंत्री को भारत यात्रा की इजाजत

भारत और अफगानिस्तान के संबंधों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अफगान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी को 9 से 16 अक्टूबर तक भारत यात्रा की छूट दी है। जायसवाल ने बताया कि इस दौरे के दौरान द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और भारत अफगानिस्तान की सहायता व समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि हमने भूकंप के समय भी राहत सामग्री भेजी थी। चाबहार पोर्ट के जरिए भी सहायता पहुंचाई गई। हम अफगानिस्तान की अंतरिम सरकार से बातचीत कर रहे हैं। (Randhir Jaiswal on PoK)

भारत-चीन सीधी उड़ान सेवा बहाल

भारत और चीन के बीच 5 सालों के अंतराल के बाद फिर से सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। यह सेवा 26 अक्टूबर से शुरू होगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जायसवाल ने कहा कि यह दोनों देशों के संबंधों के सामान्य होने की प्रक्रिया का हिस्सा है। वाणिज्यिक गतिविधियां भी शुरू हो चुकी हैं। 3 अक्टूबर 2000 को स्थापित भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को 25 साल पूरे हो गए हैं। इस पर जायसवाल ने कहा कि भारत और रूस एक विशेष और गौरवशाली रणनीतिक साझेदारी का आनंद लेते हैं। हम व्यापार, रक्षा, विज्ञान, निवेश क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करना चाहते हैं। (Randhir Jaiswal on PoK)

आसियान समिट में मोदी-ट्रंप की मुलाकात संभाव

26-27 अक्टूबर को मलेशिया में होने वाली आसियान समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। मलेशिया ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी न्योता भेजा है, जिससे मोदी-ट्रंप की संभावित मुलाकात की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि समिट में अभी समय है। सही समय आने पर हम आपको जानकारी देंगे। रणधीर जायसवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस से स्पष्ट है कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपने हितों और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए मुखर रुख अपनाए हुए हैं। पाकिस्तान और बांग्लादेश के मुद्दों पर जहां भारत ने सख्त लहजा दिखाया। वहीं अफगानिस्तान, रूस और चीन के साथ संबंधों को मजबूती देने की दिशा में ठोस प्रयास भी जारी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!