Google Analytics —— Meta Pixel

MP के बाद छत्तीसगढ़ में भी घटिया दवा का खुलासा, सरकारी अस्पतालों में बच्चों को दी जा रही थक्कों वाली पैरासिटामोल सिरप

Substandard Syrup in Chhattisgarh: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में घटिया सिरप से बच्चों की मौत के मामले के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी घटिया दवा का बड़ा मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर के सरकारी अस्पतालों में वितरित की जा रही पैरासिटामोल सिरप की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सिरप की बोतलों में एक्सपायरी डेट से पहले ही बड़े-बड़े थक्के (क्लॉट्स) दिखाई दे रहे हैं, जो इसकी खराब गुणवत्ता का स्पष्ट संकेत है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में ड्राइवरों की हड़ताल की चेतावनी, लोगों की परिवहन सुविधा पर पड़ सकता है भारी असर

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सिरप छोटे बच्चों को पिलाई जा रही थी, जिनकी प्रतिरोधक क्षमता पहले से ही कमजोर होती है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और जिम्मेदार अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह विवादित सिरप 9M फार्मा कंपनी की ओर से सप्लाई की गई है, जिसकी दवाओं की गुणवत्ता पहले भी सवालों के घेरे में रही है। कुछ समय पहले 9M कंपनी की पैरासिटामोल टैबलेट्स को प्रतिबंधित किया गया था, क्योंकि उनमें ब्लैक फंगस जैसे धब्बे पाए गए थे। अब सिरप में भी इसी तरह की गड़बड़ियों की पुष्टि हुई है। (Substandard Syrup in Chhattisgarh)

स्वास्थ्य विभाग ने सप्लाई पर लगाई रोक

रायपुर के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि सिरप में थक्कों की शिकायत हमें प्राप्त हुई है। हमने तत्काल प्रभाव से इस दवा की सप्लाई को रोकने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। हाल ही में छिंदवाड़ा जिले में घटिया सिरप पिलाने से 9 बच्चों की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि सिरप में एथिलीन ग्लाइकॉल और डाइएथिलीन ग्लाइकॉल जैसे जहरीले केमिकल पाए गए थे, जो आमतौर पर गाड़ियों के कूलेंट और एंटी-फ्रीज के रूप में उपयोग किए जाते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक इन रसायनों की थोड़ी-सी मात्रा भी किडनी और दिमाग पर घातक असर डाल सकती है।

सवालों के घेरे में स्वास्थ्य व्यवस्था

सरकारी अस्पतालों में इस तरह की घटिया और जानलेवा दवाओं का वितरण न सिर्फ प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है, बल्कि बच्चों की सेहत से जुड़ा यह लापरवाही भरा मामला बेहद चिंताजनक है। बार-बार घटिया दवाओं के मामले सामने आने के बावजूद सख्त निगरानी और क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या स्वास्थ्य विभाग इस बार सिर्फ जांच के नाम पर खानापूर्ति करेगा या दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। बच्चों की सेहत के साथ इस तरह का खिलवाड़ अगर बार-बार होता रहा तो स्वास्थ्य सेवाओं में जनता का भरोसा डगमगा जाएगा। (Substandard Syrup in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!