Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में ड्राइवरों की हड़ताल की चेतावनी, लोगों की परिवहन सुविधा पर पड़ सकता है भारी असर

Drivers Strike in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि प्रदेशभर के ड्राइवरों ने 25 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग बंद हड़ताल की चेतावनी दी है। यह चेतावनी छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन की ओर से दी गई है, जिसकी आधिकारिक जानकारी कबीरधाम और राजनांदगांव कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से दी गई। ड्राइवरों का कहना है कि वे पहले ही अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री तक ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें:- बीजेपी विधायक रेणुका सिंह के बयान से मचा सियासी बवाल, कहा-सरकार में भी रावण है, कांग्रेस ने किया तीखा हमला

ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि अगर इस बार भी सरकार उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती तो वे 25 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग बंद हड़ताल पर चले जाएंगे। ड्राइवरों की प्रमुख मांग वेलफेयर संघ का गठन करना, प्रदेश में पूर्ण शराब बंदी लागू करना और ड्राइवर आयोग का गठन करना है। ड्राइवरों का कहना है कि अक्सर सड़क हादसों के लिए उन्हें शराब पीकर वाहन चलाने का दोषी ठहराया जाता है, लेकिन अगर शराब की बिक्री ही बंद हो जाए तो ऐसे आरोप स्वतः खत्म हो जाएंगे। उनका कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और समाज में उन्हें बदनाम किया जाना अन्याय है। ड्राइवरों ने अपनी मांगों को लेकर बाइक रैली भी निकाली। (Drivers Strike in Chhattisgarh)

ठप हो सकती है परिवहन व्यवस्था

अगर ड्राइवर हड़ताल पर चले जाएंगे तो ट्रक, बस, टैक्सी, ऑटो और स्कूल वैन जैसी सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। इसका सीधा असर राज्य की परिवहन व्यवस्था पर पड़ेगा, जिससे दैनिक यात्री, छात्र, दुकानदार और व्यापारी वर्ग को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। माल ढुलाई से लेकर सार्वजनिक परिवहन तक हर स्तर पर गतिविधियां प्रभावित होंगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन और राज्य सरकार पर टिकी हैं कि वे इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या सरकार 25 अक्टूबर से पहले कोई समाधान निकाल पाएगी या फिर छत्तीसगढ़ को एक बड़े परिवहन संकट का सामना करना पड़ेगा यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा। (Drivers Strike in Chhattisgarh)

Back to top button
error: Content is protected !!