Google Analytics —— Meta Pixel

बीजेपी विधायक रेणुका सिंह के बयान से मचा सियासी बवाल, कहा-सरकार में भी रावण है, कांग्रेस ने किया तीखा हमला

Renuka Singh Statement: भरतपुर-सोनहत से बीजेपी विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह दशहरे के अवसर पर दिए अपने एक बयान को लेकर फिर चर्चा में आ गई है। सोनहत मिनी स्टेडियम में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए रेणुका सिंह ने कहा कि हम हर साल रावण जलाते हैं, लेकिन रावण कभी मरता नहीं। हमारे मन में भी रावण है, घर में भी रावण है और सरकार में भी रावण है। समाज में भी रावण रहते हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर राजनीति तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें:- खून से सना आंगन, साजिश बेनकाब, सुपारी किलिंग का पर्दाफाश, ऐसे खुला खूनी खेल का राज…? 

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, 2 अक्टूबर को दशहरे के मौके पर भाजपा विधायक रेणुका सिंह की ओर से सोनहत में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित कराया गया था। इस आयोजन में पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे। इस मौके पर रेणुका सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए यह विवादित टिप्पणी की। इस पर भरतपुर-सोनहत के पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो ने फेसबुक पोस्ट के जरिए सीधा सवाल किया कि अगर सरकार में रावण है तो जनता जानना चाहती है कि वह कौन है जो जनता का हक निगल रहा है ? अगर समाज में रावण पल रहे हैं तो बताइए वो किसके संरक्षण में पनप रहे हैं ? (Renuka Singh Statement)

रेणुका सिंह की अंतरात्मा जागी है: अटल श्रीवास्तव

कमरो ने यह भी कहा कि अगर भाजपा की वरिष्ठ नेता खुद सरकार में रावण होने की बात कह रही हैं तो यह उनकी सरकार की नाकामी और भ्रष्टाचार की कबूलनामा है। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि रेणुका सिंह आदिवासी नेता हैं और उनके भीतर की सच्ची अंतरात्मा जागी है, इसलिए उन्होंने सरकार की असलियत उजागर कर दी। सच तो यह है कि राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार में रावणों की भरमार है, जो आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन को निगल रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खनिज, खदानें और प्राकृतिक संसाधन बेचे जा रहे हैं, आदिवासी हाशिए पर हैं और दिल्ली की कठपुतली सरकार सिर्फ कॉर्पोरेट हितों की सेवा कर रही है। (Renuka Singh Statement)

बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा: बीजेपी

रेणुका सिंह के बयान पर भाजपा सांसद सुनील सोनी ने बचाव करते हुए कहा कि यह बयान रावण के प्रतीकात्मक अहंकार को दर्शाता है। जनप्रतिनिधियों को भी आत्ममंथन करना चाहिए कि उनके भीतर कोई रावण जैसा अहंकार, लोभ तो नहीं। इस बयान का गलत अर्थ निकाला जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि रेणुका सिंह एक वरिष्ठ नेत्री हैं और उन्होंने जनता को यह संदेश देने की कोशिश की कि हर किसी को अपने भीतर के रावण को मारना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद, मत्सर, मान, अहंकार, स्वार्थ और अन्याय रावण के दस सिर के प्रतीक हैं। अगर रेणुका सिंह या कोई और कहता है कि हमारे भीतर रावण है तो इसका मतलब है कि वह आत्ममंथन कर रहे हैं। अपने अंदर की बुराइयों को खत्म करना आज के समय की जरूरत है। 

पहले भी सुर्खियों में रही हैं रेणुका सिंह

यह पहली बार नहीं है, जब रेणुका सिंह अपने बयानों को लेकर विवादों में आई हैं। इससे पहले उन्होंने कई बार विवादास्पद टिप्पणियां की हैं, जैसे मैं अंधेरी कोठरी में ले जाकर बेल्ट से ठोकना जानती हूं। सोनिया गांधी को धक्के मारकर इटली भेज दो। सीईओ और तहसीलदार को सूली पर लटका दूंगी। पुलिस का एक हाथ काटकर दूसरे हाथ में थमा दूंगी। इन बयानों को लेकर भी वह कई बार विपक्ष के निशाने पर रह चुकी हैं। रेणुका सिंह के सरकार में भी रावण है वाले बयान ने प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। कांग्रेस इसे भाजपा की विफलताओं की आंतरिक स्वीकारोक्ति बता रही है, जबकि भाजपा इसे आत्मनिरीक्षण और प्रतीकात्मक विचार कहकर बचाव में जुटी है। फिलहाल यह बयान छत्तीसगढ़ की राजनीति में बहस का केंद्र बन गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!