छात्राओं ने शिक्षिका पर लगाया शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप, कलेक्टर से की शिकायत

Allegations of Girl Students: दंतेवाड़ा जिले के बारसूर स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम हाइस्कूल की कुछ छात्राएं कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जिन्होंने अपनी महिला शिक्षिका के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। छात्राओं का आरोप है कि पिछले तीन सालों से शिक्षिका माधुरी उइके उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। छात्राओं के मुताबिक जब वे विरोध करती हैं या शिकायत की बात करती हैं तो शिक्षिका धमकी देती हैं कि जहां शिकायत करनी है कर दो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा। मेरी कलेक्टर, विधायक और मंत्री से सीधी पहचान है।
यह भी पढ़ें:- फिर दहली अयोध्या, रहस्यमयी धमाके से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
छात्राओं ने बताया कि शिक्षिका कक्षाओं में अपमानजनक भाषा का प्रयोग करती हैं। माता-पिता के लिए भी अपशब्द कहती हैं। छोटी-छोटी बातों पर शारीरिक दंड देती हैं और लगातार मानसिक दबाव डालती हैं, जिससे वे डरी और तनावग्रस्त रहती हैं। उन्होंने कई बार अपनी समस्या स्कूल प्रबंधन को बताई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। छात्राओं ने बताया कि शिक्षिका की ऊंची पहुंच के कारण कोई अधिकारी या स्टाफ खुलकर विरोध नहीं करता। कई कर्मचारी इस प्रताड़ना से तंग आकर स्कूल छोड़ चुके हैं। छात्राओं का कहना है कि अब उनका पढ़ाई में मन नहीं लगता और वे स्कूल आने से डरती हैं। (Allegations of Girl Students)
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
अभिभावकों ने भी कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नाराजगी जताई और शिक्षिका को स्कूल से हटाने की मांग की है। कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेने की बात कही है और जांच के आदेश दिए हैं। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य सर्वोपरि है। अगर आरोप सही पाए गए तो दोषी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर स्कूलों में छात्र-छात्राओं की मानसिक सुरक्षा, शिक्षकों की जवाबदेही और निगरानी तंत्र की कमजोरी को उजागर करती है। मामले की जांच जारी है। छात्राओं ने उम्मीद जताई है कि उन्हें जल्द न्याय और सुरक्षित माहौल मिलेगा। (Allegations of Girl Students )



