ऑपरेशन ब्लू स्टार गलत तरीका था, इंदिरा गांधी ने गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई , चिदंबरम का बड़ा बयान

Operation Blue Star : पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार (Operation Blue Star) एक गलत तरीका था और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उस गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई। चिदंबरम ने यह बयान हिमाचल प्रदेश के कसौली में खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव के दौरान दिया।
यह भी पढ़े :- देश का अनोखा रेलवे स्टेशन जहां एक बेंच दो राज्यों में बंटी है, पढ़े पूरी खबर
पूर्व गृह और वित्त मंत्री चिदंबरम पत्रकार हरिंदर बावेजा की पुस्तक ‘दे विल शूट यू, मैडम’ पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि “ब्लू स्टार सिर्फ इंदिरा गांधी की गलती नहीं थी, यह सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियों का सामूहिक निर्णय था।”
‘गलत तरीका अपनाया गया’
चिदंबरम ने कहा, “मैं सेना के किसी अधिकारी का अनादर नहीं करता, लेकिन जिस तरह से ऑपरेशन ब्लू स्टार (Operation Blue Star) को अंजाम दिया गया, वह तरीका गलत था। कुछ वर्षों बाद हमने दिखाया कि कैसे सेना को शामिल किए बिना भी स्वर्ण मंदिर को मुक्त कराया जा सकता है। ब्लू स्टार गलत तरीका था, और इंदिरा गांधी ने इस गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई।”
उन्होंने आगे कहा कि “ऑपरेशन ब्लू स्टार सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि प्रशासनिक विफलता का परिणाम था। इसके लिए केवल इंदिरा गांधी को दोष देना उचित नहीं।”
‘पंजाब की असल समस्या आर्थिक है’
चर्चा के दौरान चिदंबरम ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “आज पंजाब की असली समस्या उसकी आर्थिक स्थिति है। खालिस्तान और अलगाव का मुद्दा अब व्यावहारिक रूप से खत्म हो गया है। राज्य के अधिकतर युवा रोज़गार और प्रवास से जुड़ी कठिनाइयों से जूझ रहे हैं।”
क्या था ऑपरेशन ब्लू स्टार?
जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में छिपे सिख उग्रवादियों को खदेड़ने के लिए भारतीय सेना ने सैन्य अभियान चलाया था। इस दौरान सेना और जरनैल सिंह भिंडरांवाले के नेतृत्व वाले उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। अभियान में स्वर्ण मंदिर को भारी नुकसान पहुंचा और कई लोग हताहत हुए।
6 जून 1984 को भिंडरांवाले मारे गए, लेकिन इस ऑपरेशन के राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव गहरे रहे। इसी घटना के बाद 31 अक्टूबर 1984 को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके अंगरक्षकों बेअंत सिंह और सतवंत सिंह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।



