Operation Blue Star पर चिदंबरम के बयान से मचा घमासान, राशिद अल्वी बोले – BJP के दबाव में हैं क्या?

Operation Blue Star : ऑपरेशन ब्लू स्टार पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बयान से पार्टी के अंदर नाराज़गी बढ़ गई है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने चिदंबरम पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनके बयान से वही झलकता है जो बीजेपी कहती रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या चिदंबरम बीजेपी के दबाव में हैं?
यह भी पढ़े :- ऑपरेशन ब्लू स्टार गलत तरीका था, इंदिरा गांधी ने गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई , चिदंबरम का बड़ा बयान
क्या कहा था चिदंबरम ने?
हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित खुशवंत सिंह साहित्य महोत्सव के दौरान चिदंबरम ने पत्रकार हरिंदर बावेजा की किताब ‘They Will Shoot You, Madam: My Life Through Conflict’ पर चर्चा करते हुए कहा था –
ऑपरेशन ब्लू स्टार (Operation Blue Star) स्वर्ण मंदिर को पुनः प्राप्त करने का गलत तरीका था। इंदिरा गांधी ने उस गलती की कीमत अपनी जान देकर चुकाई। यह निर्णय सेना, पुलिस, खुफिया विभाग और सिविल सेवाओं का सामूहिक फैसला था, इसके लिए केवल इंदिरा गांधी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
राशिद अल्वी का पलटवार
चिदंबरम की टिप्पणी पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा-
“ऑपरेशन ब्लू स्टार (Operation Blue Star) सही था या गलत, यह अलग बात है। लेकिन चिदंबरम को 50 साल बाद कांग्रेस पार्टी और इंदिरा गांधी पर हमला करने की क्या जरूरत है? वह वही बोल रहे हैं जो बीजेपी कहती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”
अल्वी ने आगे कहा कि चिदंबरम के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों के कारण उन पर दबाव हो सकता है।
“उनके खिलाफ आपराधिक मामले अब भी चल रहे हैं। मुझे आश्चर्य है कि क्या उन पर बीजेपी का दबाव है? उन्होंने पिछले 11 सालों में बीजेपी की नाकामियों पर सवाल उठाने के बजाय पार्टी पर ही हमला किया है।”
कांग्रेस आलाकमान नाराज़
पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व चिदंबरम के बयान से बेहद नाराज़ है। एक शीर्ष सूत्र ने कहा –
“कांग्रेस से सब कुछ पाने वाले एक वरिष्ठ नेता को सोच-समझकर बोलना चाहिए। बार-बार ऐसे बयान देना ठीक नहीं है जिनसे पार्टी को शर्मिंदगी उठानी पड़े।



