छोटे भाई ने चार्जर के तार से बड़े भाई का घोंटा गला, जंगल में जली हुई लाश मिलने से सनसनी

Murder in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के सरगुजा, दंतेवाड़ा और बिलासपुर जिले में एक ही दिन के भीतर हुई तीन अलग-अलग हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। पहला मामला सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र का है, जहां खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक रात को दोनों भाइयों के बीच खाना बनाने को लेकर बहस हुई थी, जो बढ़ते-बढ़ते इतनी हिंसक हो गई कि छोटे भाई ने मोबाइल चार्जर का तार उठाया और गुस्से में बड़े भाई का गला घोंट दिया।
यह भी पढ़ें:- नक्सलवाद का खात्मा जल्द !, लगातार हथियार छोड़ रहे नक्सली, एक दिन में 189 नक्सलियों ने किया सरेंडर
सुबह जब परिजनों ने बड़े भाई को मृत देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। पिता ने पुलिस को सूचना दी और बताया कि हत्या उसके छोटे बेटे ने की है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हालांकि पुलिस फिलहाल पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते थे। (Murder in Chhattisgarh)
सोते समय युवक की हत्या
दंतेवाड़ा जिले के बेहनार गांव में सोते हुए युवक की हत्या कर दी गई। दरअसल, राजू कर्मा अपने घर के आंगन में सो रहे थे, तभी देर रात अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में राजू कर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा फैल गया। सूचना मिलते ही बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से कुछ सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर हमलावर की तलाश जारी है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जंगल में मिली जली हुई लाश
बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटाघाट डैम के पास स्थित जंगल में एक जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि वे लकड़ी लेने जंगल की ओर गए थे, तभी उन्होंने साड़ी में लिपटी हुई जली लाश देखी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव बुरी तरह जला हुआ है और महिला की होने की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या कर शव जलाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के गांवों में लापता महिलाओं की जानकारी एकत्रित की जा रही है, ताकि शव की पहचान हो सके। (Murder in Chhattisgarh)



