Google Analytics —— Meta Pixel

दामाद ने ससुराल में लगाई आग, ससुर की जलकर मौत, गंभीर रूप से झुलसी सास

Murder in Koriya: कोरिया जिले से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां बचरापोड़ी चौकी क्षेत्र के बड़े साल्ही गांव में एक दामाद ने अपने ससुराल को ही आग के हवाले कर दिया, जिसमें ससुर की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि सास गंभीर रूप से झुलस गई, जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दरअसल, घटना मंगलवार देर रात करीब 11 बजे का है, जब राय राम (60 साल) और उनकी पत्नी पार्वती (59 साल) अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कानपुर में रहने वाला उनका दामाद घर के आसपास घूमते हुए पहुंचा।

यह भी पढ़ें:- सक्ती में जेलर से मारपीट, कोरबा में पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी ने पास के पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदा और फिर घर में घुसकर सो रहे दंपत्ति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने के बाद घर में चारों ओर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक राय राम की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। उनकी पत्नी पार्वती गंभीर रूप से झुलस गई। उन्हें पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल लाया गया, फिर वहां से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज, और आखिर में रायपुर के लिए रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। (Murder in Koriya)

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बचरापोड़ी पुलिस चौकी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां घर के अंदर आगजनी के स्पष्ट सबूत मिले। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक के दामाद ने ही पेट्रोल डालकर वारदात को अंजाम दिया। फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर से जली हुई वस्तुओं, कपड़ों और पेट्रोल की गंध वाले नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी सबूत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे, जिससे यह पुष्टि की जा सके कि आग कैसे और किस दिशा में फैली।

दामाद पर हत्या का शक

पुलिस को वारदात में दामाद पर गहरा शक है। जांच में पता चला है कि आरोपी पेशे से ड्राइवर है। मृतक राय राम की बेटी ने उससे इंटरकास्ट लव मैरिज की थी, लेकिन शादी के बाद से ही दामाद का ससुराल पक्ष के साथ तनावपूर्ण संबंध चल रहा था। आरोपी ने कुछ सालों बाद दूसरी शादी भी कर ली, जिसके बाद से परिवार में विवाद और बढ़ गया। जानकारी के मुताबिक आरोपी अपनी पहली पत्नी पर चरित्र को लेकर शक करता था और उसे अक्सर प्रताड़ित करता था। पत्नी अब अपने मायके यानी बड़े साल्ही गांव में रह रही थी। (Murder in Koriya)

पहले भी कर चुका है हमला

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी ने चार महीने पहले भी ससुराल में गोली चलाने की कोशिश की थी। उस समय भी विवाद पैसे और पारिवारिक कलह को लेकर हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी ससुराल वालों से बार-बार पैसे की मांग करता था। हाल ही में उसने फोन पर धमकी दी थी कि दीवाली में सब कुछ बर्बाद कर दूंगा। इस धमकी के कुछ ही दिनों बाद यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। SP रवि कुर्रे ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। यह कोई बम या विस्फोट की वारदात नहीं, बल्कि पेट्रोल डालकर आगजनी का मामला है। (Murder in Koriya)

कानपुर भेजी गई टीम: SP

SP ने कहा कि आरोपी दामाद के खिलाफ ठोस सबूत मिले हैं। उसने पहले भी धमकियां दी थी और रुपए की मांग करता था। मृतक की बेटी से उसकी लव मैरिज हुई थी और उनके बीच चरित्र संदेह के चलते झगड़े होते रहते थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की तलाश में विशेष टीम गठित कर दी गई है, जो उत्तर प्रदेश के कानपुर के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद बड़े साल्ही गांव में दहशत और मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि राय राम एक शांत और मिलनसार व्यक्ति थे। किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि उनका अपना दामाद इस तरह निर्दयता से आगजनी की वारदात करेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!