केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और नॉर्थ बस्तर को किया नक्सलमुक्त घोषित, सभी नक्सलियों से की हथियार छोड़ने की अपील

HM Shah on Naxalism: नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो मेंबर और 6 करोड़ से ज्यादा के इनामी मोजुल्ला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति के आत्मसमर्पण के बाद से नक्सलियों के सरेंडर का सिलसिला लगातार जारी है। इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया है। साथ ही कहा है कि पिछले दो दिनों में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 258 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिससे नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज 170 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। जबकि कल छत्तीसगढ़ में 27 और महाराष्ट्र में 61 नक्सलियों ने अपने हथियार डाले थे।
गृह मंत्री ने कहा कि हिंसा छोड़कर भारत के संविधान में अपना विश्वास पुनर्स्थापित करने के इन सभी के निर्णय की सराहना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की निरंतर कोशिशों का ही यह परिणाम है कि नक्सलवाद आखिरी सांसें ले रहा है। नक्सलियों के विरुद्ध हमारी नीति स्पष्ट है, जो आत्मसमर्पण करना चाहते हैं उनका स्वागत है, लेकिन जो लोग हथियार उठाए रहेंगे, उन्हें हमारी सुरक्षाबलों की कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। सभी नक्सलियों से मेरी अपील है कि वे अपने हथियार त्याग दें और मुख्यधारा में लौट आएं। शाह ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष की बात है कि एक समय आतंक का गढ़ रहे छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ और नॉर्थ बस्तर को आज नक्सली हिंसा से पूरी तरह मुक्त घोषित कर दिया गया है।
साउथ बस्तर में बचे छिटपुट नक्सली: शाह
उन्होंने कहा कि अब छिटपुट नक्सली सिर्फ साउथ बस्तर में बचे हुए हैं, जिन्हें हमारी सुरक्षाबल जल्द ही समाप्त कर देंगे। जनवरी 2024 में छत्तीसगढ़ में हमारी पार्टी की सरकार बनने के बाद से 2100 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, 1785 को गिरफ्तार किया गया है और 477 को न्यूट्रीलाइज किया गया है। यह 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के हमारे दृढ़ संकल्प का प्रतिबिम्ब है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की सूची में 10 सीनियर ऑपरेटिव शामिल हैं। (HM Shah on Naxalism)
इन नक्सलियों ने किया सरेंडर
जिनमें सतीश उर्फ टी वासुदेव राव (CCM), रानीता (SZCM, माड़ डीवीसी की सचिव), भास्कर (DVCM, PL 32), नीला उर्फ नंदे (DVCM, IC और नेलनार AC की सचिव), दीपक पालो (DVCM, IC और इंद्रावती AC का सचिव) शामिल हैं। टी वासुदेव राव (CCM) के सिर पर 1 करोड़ रुपए का इनाम था। SZCM रैंक के ऑपरेटिव्स पर 25 लाख रुपए, DVCM पर 10 से 15 लाख रुपए और ACM पर 5 लाख रुपए के इनाम थे। सभी ने बड़ी संख्या में स्वचालित हथियार, एके-47, इंसास, SLR, 303 राइफल डाले हैं। (HM Shah on Naxalism)



