Google Analytics —— Meta Pixel

नक्सलियों के सरेंडर पर राजनीति, कांग्रेस ने आत्मसमर्पण को बताया सरकार का इवेंट

Baij on Naxal Surrender: बस्तर में 17 अक्टूबर को 210 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर कर इतिहास रच दिया। हालांकि इसके बाद सियासत भी तेज हो गई है। PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद सिमट रहा तो यह कांग्रेस की नीति का परिणाम है। बैज ने कहा कि सरकार ने फिर समर्पण इवेंट किया है। आज बस्तर में नक्सलवाद पीछे जा रहा है तो इसके पीछे कांग्रेस की नीतियां है। बस्तर में हमने विश्वास, विकास, सुरक्षा के मंत्र को लेकर पांच सालों तक जो काम किया उसी का परिणाम है आज सफलता मिल रही है।

यह भी पढ़ें:- संविधान की किताब लेकर नाचने वाले नक्सलियों के रक्षक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दूरस्थ एरिया में सड़के बनवाई, 15 सालों की भाजपा सरकार में जहां राशन नहीं पहुंच पाता था, लोगों को और फोर्स को महीनों राशन का इंतजार करना पड़ता था वहां तक सड़के बनवाई। रिमोट एरिया में सुरक्षा बलों के कैंप बनाए। सुरक्षाबलों और स्थानीय निवासियों के बीच बेहतर समझ का माहौल तैयार किया, लोगों का भरोसा सुरक्षाबलों के प्रति बढ़ा। बस्तर में बंद सैकड़ों स्कूलों को फिर से चालू किया। 65 से ज्यादा वनोपजों को खरीदने की व्यवस्था की, उनका वैल्यू एडिशन किया, बस्तर में डेनक्स जैसे संस्थानों की स्थापना की। अबूझमाड़ में पुल बनाया। रोजगार के साधन बनाए। (Baij on Naxal Surrender)

हमारे प्रयासों का नतीजा: बैज

बैज ने कहा कि हमारे प्रयासों का नतीजा था कि 2021 में ही केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अधिकृत तौर पर कहा कि बस्तर से नक्सलवाद 65 प्रतिशत कम हो गया है। कांग्रेस की सरकार के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद 40 किमी के दायरे में सिमट गया था। यह सरकार तो सिर्फ इवेंट कर रही, मुख्यमंत्री यह बताए कि 2024 के बाद उन्होंने कितने कैंप बनाए। बस्तर के लिया ऐसा क्या किया, जिसे वे उपलब्धि बता सकते हैं। पहले जितने नक्सली सरेंडर किए उनका डिटेल तो यह दे नहीं पाए। सरकार के दावे के अनुसार अभी तक दो हजार से ज्यादा नक्सली सरेंडर कर चुके हैं, सरकार बताए उनके द्वारा हथियार कितना जमा कराया गया ? (Baij on Naxal Surrender)

शराब को लेकर सरकार पर आरोप

दीपक बैज ने कहा कि शांति की स्थापना सभी चाहते हैं, लेकिन यह सरकार तो केवल प्रोपोगंडा कर रही। अगर आपके प्रयासों से नक्सली सरेंडर कर रहे फिर ये रोज-रोज हत्याएं कौन कर रहा ? भाजपा कार्यकर्ता की 5 दिन पहले हत्या हुई, सुकमा में ग्रामीण की हत्या मुखबिर बता के कर दी गई। शिक्षादूत रोज मारे जा रहे। सरकार सिर्फ आत्ममुग्ध है। शराबबंदी की बात करने वाले शराब की काली कमाई बढ़ाने में लगे हैं। बैज ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि शराब की बिक्री बढ़ाने के लिए सरकार के आबकारी सचिव ने बार संचालकों, बॉटलिंग प्लांट संचालकों, शराब निर्माताओं से बैठक लेकर सुझाव मांगा है।

दूसरे प्रदेशों के शराब बेचने का आरोप

बैज ने कहा कि भाजपा विपक्ष में थी, तब शराब बंदी के लिए बड़ी-बड़ी बात करती थी। अब शराब की बिक्री बढ़ाने में लगी है। सरकार में आने के बाद शराब की खपत बढ़ाने नीति बना रही। 67 नई दुकानें खोल दिए, 700 दुकानें जो पहले से चल रही थी उनको कंपोजिट कर दिया। देशी में अंग्रेजी, अंग्रेजी में देशी बेचना शुरू कर दिया, मतलब 1400 काउंटर हो गया। भाजपा की सरकार बनने के बाद अवैध शराब की बिक्री बढ़ गई, दूसरे प्रांतों से शराब तस्करी कर के आ रही, बिना होलोग्राम, नकली होलोग्राम के शराब सरकारी दुकानों से बेची जा रही। पूरी सरकार शराब की काली कमाई में डूबी हुई है। (Baij on Naxal Surrender)

सुशील आनंद शुक्ला ने सरकार को घेरा

इससे पहले कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भी कहा था कि नक्सलवाद पीछे हटने के पीछे और नक्सलियों के समर्पण के लिए कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार की नीतियां है। शुक्ला ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जो विश्वास, विकास, सुरक्षा का मूलमंत्र लेकर नक्सलवाद पर काम किया था। सुदूर बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़कें बनवाई। सुरक्षाबलों के कैंप स्थापित किया, बस्तर में शिक्षा और रोजगार के साधन जुटाए उससे बस्तर की जनता का भरोसा सुरक्षाबलों के प्रति बढ़ा और सुरक्षाबल बस्तर में कांग्रेस सरकार के समय ही नक्सलवाद पर 65 प्रतिशत तक काबू पा चुके थे। यह बात 2021 में समर्पण केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने स्वीकार किया था कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद 65 प्रतिशत तक कम हो गया है। नक्सलवाद बस्तर संभाग में केवल 40 किमी तक सिमट गया था। वर्तमान सरकार तो नक्सलवाद नियंत्रण पर केवल बयानबाजी करती है।

जगलपुर के कार्यक्रम को बताया प्रोपोगंडा इवेंट: कांग्रेस

उन्होंने कहा कि जगलपुर में नक्सलियों का सरेंडर केवल सरकार का प्रोपोगंडा इवेंट है। शुक्ला ने कहा कि पिछले कुछ माह से सरकार आंकड़े जारी करके दावा करती है कि इतने संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, लेकिन सरकार समर्पित नक्सलियों का विस्तृत ब्यौरा नहीं जारी कर पाती। सरकार समर्पित नक्सलियों का ब्यौरा जारी करने में परहेज क्यों करती है? जब उनका फोटो सार्वजनिक किया जा सकता है फिर वे किन वारदातों में शामिल थे? कितने अपराध उनके ऊपर दर्ज है और समर्पण के समय उन्होंने कौन-कौन से हथियार पुलिस के पास जमा कराए सरकार यह भी सार्वजनिक करे ? महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस के सामने 60 नक्सलियों ने सरेंडर किया था, उसके बाद अचानक छत्तीसगढ़ सरकार को भी याद आया कि हमें भी समर्पण का इवेंट महाराष्ट्र सरकार की तर्ज पर करना चाहिए।

लगातार हत्या कर रहे नक्सली: कांग्रेस

कांग्रेस संचार प्रमुख ने कहा कि यह सरकार का प्रचार पाने का तरीका है। सरकार नक्सलियों के समर्पण का इवेंट करती है और नक्सली हर दूसरे दिन कोई न कोई घटना कर देते हैं। कुछ दिन पहले ही एक भाजपा नेता की हत्या कर दिया गया। सरकार के हर समर्पण के दावे के बीच बस्तर से शिक्षा दूतों की हत्याओं की खबरें आ जाती है। सुकमा में एक ग्रामीण की नक्सलियों ने मुखबिर बताकर घर में घुसकर हत्या कर दिया। नक्सलवाद जैसे संवेदनशील मामले पर सरकार गंभीरता दिखाए। केवल मीडिया इवेंट और कोरी बयानबाजी करने के ठोस और सकारात्मक पहले करे, ताकि विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूलमंत्र को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जो सार्थक माहौल बस्तर में तैयार किया था वह फलीभूत हो सके और छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त हो सके।

Back to top button
error: Content is protected !!