भारत अब रुकने वाला नहीं, 11 सालों में हिंदुस्तान ने हर आशंका को तोड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Unstoppable Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत रुकने के मूड में नहीं है। हम न रुकेंगे, न थमेंगे, हम 140 करोड़ देशवासी मिलकर तेजी से आगे बढ़ेंगे। PM मोदी ने कहा कि बीते 11 सालों में भारत ने हर आशंका को दूर किया और हर चुनौती को मात दी है। पहले दुनिया सोचती थी कि इतनी सारी समस्याओं में उलझा भारत कभी उबर नहीं पाएगा, लेकिन हमने साबित किया कि भारत रुकने वाला नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया में भांति-भांति के स्पीड ब्रेकर हैं, तब अनस्टॉपेबल भारत की चर्चा बहुत स्वाभाविक है।
यह भी पढ़ें:- संविधान की किताब लेकर नाचने वाले नक्सलियों के रक्षक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और अनिश्चितताओं के बीच भी भारत अपनी रफ्तार बनाए हुए हैं। एकजुटता, आत्मविश्वास और निरंतर प्रगति की भावना देश की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर को याद कीजिए जब दुनिया जीवन और मृत्यु के साये में जी रही थी। तब कहा जा रहा था कि भारत के कारण दुनिया डूब जाएगी, लेकिन हमने हर कयास को गलत साबित किया। भारत ने रिकॉर्ड समय में अपनी वैक्सीन विकसित की और करोड़ों लोगों को टीके लगाए। इतने बड़े संकट पर काबू पाकर भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन गया। (PM on Unstoppable Bharat)
भारत टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल: PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि भारत ने संकट को अवसर में बदल दिया और दुनिया को दिखाया कि इच्छाशक्ति और एकजुटता से कुछ भी असंभव नहीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत कमजोर 5 से निकलकर टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई दर 2% से नीचे है और ग्रोथ रेट 7% से ज्यादा। पिछले तीन सालों में भारत की औसत विकास दर 7.8% रही है, जो अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि बीते 11 सालों में भारत ने हर डर को दूर किया, हर चुनौती पर विजय पाई। आज भारत चिप से लेकर जहाज तक आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरा हुआ है। (PM on Unstoppable Bharat)
निवेश और निर्यात में नई उड़ान
PM मोदी ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले भारत का माल निर्यात करीब 7% बढ़ा है और कृषि निर्यात 4.5 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में EFTA व्यापार समझौता के तहत यूरोप के देशों ने भारत में 100 अरब डॉलर निवेश का वादा किया है, जिससे लाखों नौकरियां पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि आज G7 देशों के साथ भारत का व्यापार 60% से ज्यादा बढ़ चुका है। दुनिया भारत को एक भरोसेमंद, जिम्मेदार और लचीले साझेदार के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि S&P Global ने 17 साल बाद भारत की क्रेडिट रेटिंग को अपग्रेड किया है और IMF ने भारत की ग्रोथ प्रोजेक्शन बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि Google ने भारत के AI सेक्टर में 15 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की है।
भारत आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं बैठता: PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत की ग्रोथ, वैश्विक अवसरों को आकार दे रही है। भारत अब सिर्फ दुनिया का बाजार नहीं, बल्कि दुनिया के भविष्य की प्रेरणा बन रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं बैठता। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ताकत से जवाब देता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से भरा है, अपने नागरिकों की सुरक्षा और स्वाभिमान दोनों की रक्षा कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के सरकारीकरण की सोच ने बैंकों में एनपीए का पहाड़ खड़ा कर दिया था, जबकि भाजपा सरकार के लोकतंत्रीकरण ने बैंकों को रिकॉर्ड मुनाफे में पहुंचाया है।
BSNL की उपलब्धियों का जिक्र
उन्होंने बताया कि पिछले सालों में महिलाओं, किसानों, पशुपालकों, मछुआरों और स्वरोजगारियों को बिना बैंक गारंटी लाखों करोड़ रुपए के लोन दिए गए हैं। उन्होंने BSNL की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब उन चुनिंदा 5 देशों में शामिल है, जिनके पास मेड इन इंडिया 4G तकनीकी प्रणाली है। PM मोदी ने कहा कि हमारा जोर लोगों का जीवन आसान बनाने और उनकी बचत बढ़ाने पर है। उन्होंने बताया कि पहले 1GB डेटा 300 रुपए में मिलता था, अब वही डेटा 10 रुपए में मिलता है, जिससे हर भारतीय की जेब में सालाना हजारों रुपए बच रहे हैं। (PM on Unstoppable Bharat)
लोगों को 80% सस्ती दवाएं मिल रही: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से गरीब मरीजों को 1.25 लाख करोड़ की बचत हुई है, जबकि जन औषधि केंद्रों से लोगों को 80% सस्ती दवाएं मिलने से 40 हजार करोड़ रुपए की राहत मिली है। हार्ट के स्टेंट की कीमत घटने से गरीब और मध्यम वर्ग को सालाना 12 हजार करोड़ की बचत हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने टैक्सदाताओं को राहत दी है। अब 12 लाख तक की आय पूरी तरह टैक्स-फ्री है। उन्होंने कहा कि आयकर और जीएसटी दोनों में बड़े सुधार हुए हैं, जिससे देश को 2.5 लाख करोड़ रुपए की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बार के त्योहारी सीजन में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज हुई है, जो देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और बढ़ते उपभोक्ता विश्वास का संकेत है।



