Google Analytics —— Meta Pixel

सनातनियों की संगत से बचें और RSS से सावधान रहें: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया

CM Siddaramaiah on RSS: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS और सनातन विचारधारा को लेकर बड़ा बयान दिया है। मैसूर विश्वविद्यालय के रजत जयंती समारोह में ‘ज्ञान दर्शन भवन’ के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने कहा कि लोग सनातनियों की संगत से बचें और RSS से सावधान रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि RSS और सनातन विचारधारा ने इतिहास में हमेशा डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनके बनाए संविधान का विरोध किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज में बदलाव और समानता की सोच रखने वालों के साथ जुड़ें, न कि उन विचारधाराओं के साथ जो बदलाव का विरोध करती हैं। उन्होंने कहा कि संघ झूठ फैला रहा है कि कांग्रेस ने अंबेडकर को चुनाव में हराया था। जबकि अंबेडकर ने खुद लिखा है कि सावरकर और डांगे ने उन्हें हरवाया था। ऐसे सच समाज के सामने लाने चाहिए। 

यह भी पढ़ें:- पाक आर्मी चीफ आसिम मुनीर का भड़काऊ बयान, भारत को दी युद्ध की धमकी, राफेल गिराने का भी दावा

CM सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि RSS आज भी संविधान का विरोध कर रहा है और समाज को गुमराह करने का काम कर रहा है। इस दौरान उन्होंने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में CJI बी.आर. गवई पर जूता फेंकने की कोशिश की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह सनातनी और कट्टरपंथी सोच की खतरनाक उपस्थिति का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दलितों के खिलाफ नहीं, बल्कि संविधान और न्यायपालिका पर हमला है। हर भारतीय को इसकी निंदा करनी चाहिए। CM सिद्धारमैया ने कहा कि वे बुद्ध, बसवेश्वर और अंबेडकर के विचारों में आस्था रखते हैं और चाहते हैं कि समाज में वैज्ञानिक सोच और समझदारी बढ़े। (CM Siddaramaiah on RSS)

RSS की गतिविधियों पर नियंत्रण: CM

उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने दुनियाभर के संविधान पढ़े और भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ संविधान तैयार किया। सीएम ने अंबेडकर स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य छात्रों को अंबेडकर के विचारों से जोड़ना है। कर्नाटक में पिछले कुछ हफ्तों से RSS पर बैन लगाने की मांग जोरों पर है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने 16 अक्टूबर को घोषणा की कि RSS की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए विशेष नियम बनाए जाएंगे। इन नियमों के तहत सरकारी परिसरों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति के पथ संचलन या शाखा नहीं लगाई जा सकेगी। (CM Siddaramaiah on RSS)

मुख्यमंत्री के बेटे ने की थी टिप्पणी

वहीं 13 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया ने RSS की तुलना तालिबान से की थी। साथ ही कहा था कि RSS की मानसिकता तालिबान जैसी है। वे हिंदू धर्म को उसी तरह थोपना चाहते हैं, जैसे तालिबान इस्लाम के सिद्धांतों को लागू करता है। 4 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और मंत्री प्रियांक खड़गे ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर RSS की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की थी। सनातन धर्म को लेकर तमिलनाडु के डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन ने भी बीते साल बयान दिया था, जिसमें उन्होंने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से की थी। उन्होंने कहा था कि वे हिंदू धर्म नहीं, बल्कि सनातन परंपरा के खिलाफ हैं, क्योंकि यह सामाजिक असमानता को बनाए रखती है। (CM Siddaramaiah on RSS)

Back to top button
error: Content is protected !!