दिवाली पर PM मोदी का आह्वान, कहा- खरीदें स्वदेशी, बढ़ाएं आत्मनिर्भर भारत की रोशनी

PM Appeal on Diwali: दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से आह्वान किया कि इस त्योहार के अवसर पर वे स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें। प्रधानमंत्री ने लिखा कि आइए, इस त्यौहार के अवसर पर 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार का उत्सव मनाएं। आइए, भारतीय उत्पाद खरीदें और गर्व से कहें- यह स्वदेशी है।
यह भी पढ़ें:- दीपावली पर अखिलेश यादव के बयान से सियासी बवाल, बीजेपी ने बताया हिंदू संस्कृति का अपमान
उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे अपने द्वारा खरीदे गए स्वदेशी उत्पादों को सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि अन्य लोग भी इस मुहिम से जुड़ सकें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेश में बसे सभी भारतीयों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि यह त्योहार आत्म-चिंतन और आत्म-सुधार का अवसर है। साथ ही यह जरूरतमंदों की मदद कर उनके जीवन में रोशनी लाने का समय भी है। राष्ट्रपति ने देशवासियों से सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल ढंग से दिवाली मनाने का आग्रह किया। (PM Appeal on Diwali)
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने दी शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि यह पर्व दान, करुणा और समावेशिता जैसे मूल्यों को प्रोत्साहित करता है। उन्होंने कहा कि जब हम दीपावली मनाते हैं, तो हमें नकारात्मकता और अधर्म को त्यागना चाहिए और सकारात्मकता तथा धर्म को अपनाना चाहिए- न केवल अपने व्यक्तिगत कल्याण के लिए, बल्कि राष्ट्र की समग्र प्रगति के लिए भी। उप-राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि जैसे दीपों से रात का अंधकार मिटता है, वैसे ही नागरिकों की लगन और प्रतिबद्धता भारत के विकास को रोशन करेगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं की आत्मा है।
उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि दीपावली हमें सत्य, कर्तव्य और सद्भावना के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आगे कहा कि दीपावली का पर्व केवल खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि खुशहाली बांटने का भी अवसर है। हमें दूसरों के जीवन में भी उजियारा फैलाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी से समाज में एकता, भाईचारा और समानता को मजबूत करने का आह्वान किया, साथ ही किसान, श्रमिक, व्यापारी, युवा और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की कामना की। दीपावली के इस पावन पर्व पर देशभर में उत्साह का माहौल है। बाजारों में रौनक, घरों में सजावट ने देश को उल्लास से सराबोर कर दिया है।



