दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पहले वायु प्रदूषण का कहर, GRAP-2 लागू, AQI गंभीर श्रेणी में पहुंचा
Delhi Air Pollution 2025: दिल्ली और NCR में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। वायु गुणवत्ता सूचकांक में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। हालात को देखते हुए केंद्र सरकार की प्रदूषण-नियंत्रण एजेंसी कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट यानी CAQM ने ग्रैप-2 (GRAP-2) के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें:- दिवाली पर PM मोदी का आह्वान, कहा- खरीदें स्वदेशी, बढ़ाएं आत्मनिर्भर भारत की रोशनी
क्या है GRAP ?
GRAP यानी ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान, वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से नियंत्रण उपाय लागू करने की एक योजना है। GRAP-1 14 अक्टूबर को लागू किया गया था, जब AQI 200 से 300 के बीच पहुंचा। अब हालात और बिगड़ने पर GRAP-2 को सक्रिय किया गया है, जिसके तहत कोयला और लकड़ी के जलाने पर रोक लगाया गया है। डीजल जनरेटर सेट्स के उपयोग पर पाबंदी लगाई गई है। निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन और पानी के छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं। धूल नियंत्रण के लिए सड़कों पर झाड़ू और पानी का छिड़काव करने को कहा गया है।
राजधानी में गंभीर श्रेणी में AQI
ट्रैफिक जाम को कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। रविवार शाम को दिल्ली का AQI 302 दर्ज किया गया था, जबकि सोमवार सुबह तक यह कई इलाकों में 400 के पार पहुंच गया। इंडिया गेट क्षेत्र में AQI 347, अक्षरधाम मंदिर क्षेत्र में AQI 411, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 352 दर्ज किया गया है। ये सभी आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी किए गए हैं। CAQM और मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और ज्यादा खराब हो सकती है। खासकर दिवाली के बाद जब पटाखों के कारण प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है। साथ ही उत्तर भारत में पराली जलाने का सिलसिला शुरू होने से हालात और बिगड़ सकते हैं।
पराली जलाने पर जुर्माना तय
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी NGT की ओर से 2015 से पराली जलाने पर रोक है। वहीं, CAQM अधिनियम 2021 के तहत पराली जलाने पर अब जमीन के हिसाब से जुर्माना लगाया जा रहा है। 2 एकड़ से कम जमीन वालों पर 5 हजार जुर्माना लगाया जाता है। इसी तर 2 से 5 एकड़ पर 10,000 और 5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर 30,000 जुर्माना लिया जाता है। हरियाणा और पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं दिल्ली के वायु प्रदूषण के लिए बड़ा कारण है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि सरकार ने कृत्रिम बारिश की पूरी तैयारी कर ली है। IMD की अनुमति मिलने के बाद दिवाली के एक दिन बाद यह प्रक्रिया कुछ इलाकों में शुरू की जा सकती है। फिलहाल मौसम विभाग से हरी झंडी का इंतजार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे घर से बाहर निकलते समय N95 या डबल सर्जिकल मास्क जरूर पहनें और बच्चों-बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण को लेकर पिछले 10 सालों में कोई ठोस काम नहीं हुआ, जिससे हर साल हमें इस समस्या का सामना करना पड़ता है। दिल्ली सरकार GRAP के तहत कार्रवाई कर रही है। हमें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में GRAP लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दिवाली पर सुप्रीम कोर्ट ने ग्रीन पटाखों की अनुमति दी है, इसलिए लोग केवल उन्हीं का उपयोग करें। (Delhi Air Pollution 2025)
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ग्रीन पटाखों को मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली में गैर हरित पटाखों की कोई खबर नहीं मिली है। AQI बढ़ा है लेकिन दिल्ली से ज्यादा AQI दिल्ली से बाहर के क्षेत्रों का है। पराली जलाने की घटनाएं भी अचानक बढ़ गई हैं, जिसका हमें बहुत खेद है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद पराली को जलाया जा रहा है। मैं आग्रह करना चाहता हूं कि इस पर रोक लगनी चाहिए। दिल्ली के लोग साफ हवा ले पाएं, उसे लेकर दिल्ली सरकार चिंता कर रही है लेकिन पड़ोसी राज्यों से जो समस्याएं सामने आ रही हैं, उसके लिए उन्हें वहां पर चिंता करनी चाहिए।



