Google Analytics —— Meta Pixel

दीवाली पर बेटे से मुलाकात नहीं होने पर भावुक हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अजीत जोगी को किया याद

Former CM Bhupesh Baghel: दीपावली के अवसर पर जहां पूरा देश उल्लास में डूबा रहा। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक भावनात्मक सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने अपने बेटे चैतन्य बघेल से मुलाकात की अनुमति न मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा- दो दशक पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने बाबूजी को जेल भेजा था, लेकिन दीपावली के दिन उनसे मिलने की छूट मिल गई थी। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की कृपा से बेटा जेल में है। आज दीपावली है, लेकिन मुझे उससे मिलने की अनुमति नहीं है। बहरहाल, सबको दीपावली की शुभकामनाएं। 

यह भी पढ़ें:- दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पहले वायु प्रदूषण का कहर, GRAP-2 लागू, AQI गंभीर श्रेणी में पहुंचा

इस ट्वीट के सामने आते ही कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। साथ ही इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ED ने 18 जुलाई 2025 को छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। ED के मुताबिक यह घोटाला 2,500 करोड़ से ज्यादा का है, जिसमें चैतन्य बघेल पर 1,000 करोड़ के अवैध प्रबंधन का आरोप है। चैतन्य बघेल ने अपनी गिरफ्तारी को असंवैधानिक और नियम विरुद्ध बताते हुए बिलासपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हालांकि हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने याचिका खारिज कर दी। 

पूर्व CM पर भी चुनाव को लेकर याचिका

कोर्ट ने माना कि ED की कार्रवाई विधिसम्मत है और इसमें किसी प्रकार का हस्तक्षेप आवश्यक नहीं है। ED की ओर से पैरवी एडवोकेट सौरभ पांडेय ने की थी। वहीं भूपेश बघेल खुद भी चुनावी आचार संहिता उल्लंघन मामले को लेकर कानूनी दायरों में उलझे हैं। दुर्ग सांसद विजय बघेल की ओर से दायर याचिका में आरोप लगाया गया कि भूपेश बघेल ने आचार संहिता का उल्लंघन किया और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया। इस मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। भूपेश बघेल ने इस याचिका को प्रारंभिक स्तर पर खारिज करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया।

Back to top button
error: Content is protected !!