दिवाली के बाद दिल्ली की हवा जहरीली, राष्ट्रीय राजधानी में बेहद खराब श्रेणी में AQI

Delhi Air Pollution: दिल्ली की हवा दिवाली के बाद एक बार फिर जहरीली हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक गुरुवार सुबह 6 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 353 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। कई इलाके रेड जोन में पहुंच गए हैं, जिनमें आनंद विहार सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा, जहां सुबह 5:30 बजे AQI 511 तक पहुंच गया। अक्षरधाम मंदिर के पास और अन्य इलाकों में सुबह के समय घना स्मॉग छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों में AQI 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया, यानी हवा की गुणवत्ता बहुत खराब से गंभीर स्तर पर रही।
यह भी पढ़ें:- केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, इस बार 17 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर नहीं आती, तब तक बाहरी गतिविधियों को सीमित रखें। आठ महानगरों में दिल्ली का AQI सबसे खराब पाया गया, जबकि बेंगलुरु और चेन्नई में AQI 70 से नीचे और अहमदाबाद व मुंबई में करीब 110 दर्ज हुआ। दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए प्रस्तावित आर्टिफिशियल रेन का ट्रायल एक बार फिर टल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आवश्यक प्रकार के बादल मौजूद नहीं होने के कारण यह प्रयोग संभव नहीं हो पाया। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि जैसे ही उपयुक्त बादल बनेंगे, ट्रायल तुरंत किया जाएगा। सभी आवश्यक मंजूरियां, फंड और विमान की व्यवस्था पहले ही पूरी कर ली गई है। (Delhi Air Pollution)
पटाखों से बढ़ा प्रदूषण
सुप्रीम कोर्ट ने दिवाली से पहले 15 अक्टूबर को आदेश जारी कर 18 से 21 अक्टूबर के बीच ग्रीन पटाखों की सीमित अनुमति दी थी। कोर्ट ने कहा था कि इन चार दिनों के दौरान सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे फोड़े जा सकेंगे। हालांकि दिवाली के दिन और उसके अगले दिन दिल्ली-NCR में कोर्ट के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। भारी मात्रा में पटाखे फोड़े जाने के कारण प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ गया और गुरुवार सुबह दिल्ली में घना स्मॉग छा गया। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक बार फिर पंजाब सरकार को प्रदूषण बढ़ने के लिए जिम्मेदार ठहराया। (Delhi Air Pollution)

उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार किसानों को पराली जलाने के लिए मजबूर कर रही है, जिससे दिल्ली की हवा और खराब हो रही है। हर साल दिवाली के बाद उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में पराली जलाने का सिलसिला शुरू हो जाता है। हरियाणा और पंजाब में सबसे अधिक पराली जलाई जाती है, जिसका सीधा असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर पड़ता है। पराली जलाने पर 2015 में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम 2021 के तहत केंद्र सरकार ने सख्त नियम लागू किए। दिवाली के बाद दिल्ली की हवा फिर से सांस लेने लायक नहीं बची है। पटाखों, पराली जलाने और मौसम की परिस्थितियों ने मिलकर राजधानी को एक बार फिर गैस चैंबर बना दिया है। (Delhi Air Pollution)



